हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

21 January 2025

उच्च शिक्षा निदेशालय में ई कंटेंट स्टूडियो का शुभारंभ

 उच्च शिक्षा निदेशालय में एक करोड़ से स्थापित हाईटेक ई-कंटेंट स्टूडियो का उद्घाटन सोमवार को प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा एमपी अग्रवाल ने किया। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित स्टूडियो की स्थापना से उच्च शिक्षा विभाग के अध्ययन, शोध एवं नवाचार में गुणात्मक वृद्धि होने की उम्मीद है। उच्च शिक्षा विभाग से जुड़े प्रदेश के किसी भी जिले के शिक्षक अथवा शोधकर्ता अपने ज्ञान एवं अनुभव को यहां रिकॉर्ड करके यू-ट्यूब चैनल पर अपलोड कर प्रसारित कर सकते हैं।



निदेशालय स्तर पर ई-कंटेंट का मूल्यांकन किया जाएगा तथा गुणवत्ता के परीक्षणोपरान्त कंटेंट अपलोड किया जाएगा। उद्घाटन करने के बाद प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा एमपी अग्रवाल ने कहा कि ई-कंटेंट स्टूडियो के जरिए शिक्षकों का मूल्यांकन करने का एक प्लेटफॉर्म भी तैयार होगा। ई-कंटेंट के लाइक, व्यू, फीडबैक से यह निश्चित होगा कि कंटेंट कितना गुणवत्तापूर्ण है तथा इसी आधार पर शिक्षक का भी मूल्यांकन होगा।


निदेशक उच्च शिक्षा डॉ. अमित भारद्वाज ने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से ई-कंटेंट स्टूडियो विद्वान शिक्षकों के लिए एक बहुत बड़ी सुविधा है जिसके जरिए वह अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकते हैं। यह स्टूडियो उच्च शिक्षा के गुणवत्ता संवर्धन में मील का पत्थर साबित होगा। उत्तर प्रदेश राजकीय महाविद्यालय शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. इंदु प्रकाश सिंह ने शिक्षकों से आवाह्न किया कि आगे आकर के गुणवत्तापूर्ण ई-कंटेंट का निर्माण करें तथा अपलोड करके वैश्विक पटल पर अपने ज्ञान को प्रसारित करें।


इस अवसर पर संयुक्त निदेशक डॉ. शशि कपूर, सहायक निदेशक डॉ. बीएल शर्मा, डॉ. अजीत सिंह, डॉ. केसी पांडे, वित्त नियंत्रक पवन कुमार, शिक्षा निदेशालय कर्मचारी संघ के अध्यक्ष घनश्याम यादव, मंत्री सुरेंद्र सिंह आदि उपस्थित थे।

आज की अन्य सभी खबरों के लिए यहां क्लिक करें


Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more