हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

25 May 2025

मानसून आठ दिन पहले केरल पहुंचा

 मानसून ने तय समय से आठ दिन पहले शनिवार को केरल में दस्तक दे दी। राज्य के कई हिस्सों में झमाझम बारिश हो रही है। इस वर्ष मानसून का आगमन पिछले 16 वर्षों में सबसे जल्दी हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, यूपी, बिहार, झारखंड में जून के पहले या दूसरे सप्ताह में मानसून पहुंच सकता है।



मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इससे पहले 2009 में मानसून का आगमन 23 मई को हुआ था। उन्होंने बताया कि इसके जल्द तमिलनाडु और कर्नाटक के कई इलाकों में पहुंचने की संभावना है। मानसून एक हफ्ते में देश के दक्षिणी और पूर्वोत्तर राज्यों, जबकि चार जून तक मध्य और पूर्वी भारत को कवर कर सकता है। आईएमडी ने मानसून में सामान्य से अधिक वर्षा का अनुमान जताया था, जिससे अल नीनो की स्थिति की संभावना खारिज हो गई थी। अल नीनो सामान्य से कम वर्षा से जुड़ा है।


पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ेः केरल में भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण राज्य के कई हिस्सों में पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए। साथ ही सड़कों पर जलभराव हो गया। बारिश से सामान्य जनजीवन बाधित है।


उत्तराखंड में भारी बारिश के आसारः उत्तराखंड में मई में ही बारिश कहर बरपा रही है। शनिवार तक 78.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो सामान्य से 59 फीसदी अधिक है। शनिवार को केदारघाटी के अगस्त्यमुनि कस्बे में बरसाती गदेरा उफनाने से कई दोपहिया वाहन बह गए। मलबे से कई अन्य वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है। मौसम विभाग ने पर्वतीय जिलों में रविवार को भारी बारिश, ओलावृष्टि की आशंका जताई है।


बिहार में में ठनका की चेतावनीः

बिहार में शनिवार को 24 जिलों में तेज बारिश हुई। मौसम विभाग ने रविवार को ठनका की चेतावनी जारी की है।


इन वजहों से जल्द दी दस्तक

मानसून के जल्द आने की प्रमुख वजह अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में नमी है। इससे समुद्र का तापमान ज्यादा रहा, जिससे मानसूनी हवाएं तेजी से सक्रिय हुई पश्चिमी हवाओं और चक्रवातों की हलचल ने मानसून को आगे बढ़ने में मदद की जलवायु परिवर्तन भी मौसम के पैटर्न में बदलाव की एक बड़ी वजह बन रहा है.




दिल्ली में 27 जून के पहले पहुंच सकता है

दिल्ली में मानसून आने का समय लगभग 27 जून है। ऐसा माना जा रहा है कि राजधानी में भी मानसून पहले दस्तक दे सकता है। हालांकि, स्काई मेट के मौसम वैज्ञानिक महेश पलावत का कहना है कि दिल्ली में भी जल्दी मानसून आए इसकी भविष्यवाणी अभी नहीं की जा सकती। यह हवा की गति, मौसम के सिस्टम आदि पर निर्भर है। मौसम विभाग ने रविवार को बारिश, आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई है।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more