04 March 2026

परिषदीय विद्यालयों में 16 मार्च से शुरू होंगी वार्षिक परीक्षाएं

 परिषदीय विद्यालयों में 16 मार्च से शुरू होंगी वार्षिक परीक्षाएं

पीलीभीत। परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए वार्षिक परीक्षाओं की तिथि तय कर दी गई है। बेसिक शिक्षा विभाग ने 16 मार्च से परीक्षाएं आयोजित कराने का निर्णय लिया है। होली के बाद तैयारियां तेज की जाएंगी। विद्यालयों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।




जिले में संचालित 1400 से अधिक परिषदीय विद्यालयों में करीब चार लाख से अधिक छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। यह विद्यार्थी आगामी 16 मार्च से वार्षिक परीक्षाओं में शामिल होंगे। विभाग ने परीक्षा को लेकर सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। बोर्ड परीक्षाओं में परिषदीय विद्यालयों के लगभग 50 प्रतिशत शिक्षकों की ड्यूटी लगाए जाने के कारण वार्षिक परीक्षाओं की समय-सारिणी जारी नहीं हो सकी थी। अब बोर्ड परीक्षाओं की व्यवस्था स्थिर होने के बाद शिक्षा विभाग ने परिषदीय विद्यालयों के लिए वार्षिक परीक्षाओं की समय-सारिणी जारी कर दी है। इसे लेकर बीएसए कार्यालय की ओर से सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। अधिकारियों को विद्यालयों में समय पर परीक्षा संचालन, पारदर्शिता और अनुशासन सुनिश्चित कराने को कहा गया है। प्रश्न पत्रों के निर्माण की जिम्मेदारी विषयवार संबंधित शिक्षकों को सौंपी गई है। परीक्षाएं निजी विद्यालयों की तर्ज पर आयोजित कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि विद्यार्थियों में परीक्षा के प्रति गंभीरता बढ़े और उनके शैक्षिक कौशल का बेहतर मूल्यांकन हो सके। बीएसए रोशनी सिंह का कहना है कि परीक्षाएं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर निर्देश दिए गए हैं।