गडबड़ी : राजकीय विद्यालयों के शिक्षकों के तबादले में जमकर की गई मनमानी
स्कूलों में जिस विषय के छात्र नहीं, उसके शिक्षक कर दिए गए तैनात
सूरतेहाल
प्रयागराज, मुख्य संवाददाता। राजकीय विद्यालयों के शिक्षकों के समायोजन के नाम पर जमकर मनमानी की गई है। 30 जून को जारी स्थानान्तरण आदेश में तमाम स्कूलों में उन विषयों के शिक्षकों की भी तैनाती कर दी गई जिन विषयों के एक भी छात्र नहीं हैं। इस मनमानी के खिलाफ आधा दर्जन से अधिक शिक्षकों ने हाईकोर्ट में याचिकाएं की हैं।
राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नंदौत फूलपुर प्रयागराज के वाणिज्य विषय के शिक्षक पीयूष कुमार सिंह का तबादला राजकीय हाईस्कूल कन्हौरा सोनभद्र में 30 जून को किया गया था। उस स्कूल में कुल 61 विद्यार्थियों के सापेक्ष तीन शिक्षक पहले से कार्यरत हैं। यहां कॉमर्स विषय में एक भी छात्र नहीं है इसके बावजूद पीयूष कुमार सिंह को भेज दिया गया। इसी प्रकार राजकीय हाईस्कूल एकारी फतेहपुर के वाणिज्य विषय के शिक्षक अतुल तिवारी का स्थानान्तरण राजकीय इंटर कॉलेज सीतापुर और राजकीय हाईस्कूल अकबरपुर चौराही फतेहपुर के वाणिज्य शिक्षक का तबादला राजकीय इंटर कॉलेज हरदोई किया गया।
मजे की बात है कि इन दोनों स्कूल में भी वाणिज्य विषय में कोई छात्र पंजीकृत नहीं है। यदि इन तीनों शिक्षकों को पूर्व के विद्यालयों में सरप्लस होने के आधार पर स्थानान्तरण किया गया तो कम से कम उन स्कूलों में भेजा जाता जहां पढ़ाने के लिए वाणिज्य विषय के छात्र होते।
इन तीनों शिक्षकों की याचिका पर सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने माध्यमिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल को नियमानुसार इनके प्रत्यावेदन निस्तारित करने का निर्देश दिया है।
इसी प्रकार पं. दीन दयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज अमिलिया सिकरा सुल्तानपुर की प्रवक्ता इतिहास पूजा सिंह और राजकीय सैनिक इंटर कॉलेज लखनऊ की प्रवक्ता इतिहास निर्मिता उपाध्याय का स्थानान्तरण 30 जून को राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज लखनऊ में कर दिया गया जबकि यहां इंटर में कोई छात्र इतिहास विषय में पंजीकृत नहीं है।
प्रयागराज व अन्य जिलों के तीन शिक्षकों का हुआ था तबादला
कोर्ट ने निदेशक को तीनों प्रत्यावेदन निस्तारण का दिया निर्देश
669 पंजीकृत विद्यार्थी और शिक्षक सिर्फ चार
पं. दीन दयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज टेढ़ा हमीपुर में 669 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। यहां सात प्रवक्ता और तीन सहायक अध्यापक कार्यरत थे। अफसरों ने चार प्रवक्ता और दो सहायक अध्यापकों का तबादला कर दिया और 669 बच्चों को पढ़ाने की जिम्मेदारी अब चार शिक्षकों पर है। यहां के प्रवक्ता गणित दुर्गेश पांडेय को जीजीआईसी प्रयागराज, प्रवक्ता अर्थशास्त्र कमल सिंह को पं. दीन दयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज समहन उरुआ मेजा, प्रवक्ता जीव गौरव तिवारी को जीआईसी अलुहापुर सरेसा उन्नाव और प्रवक्ता अंग्रेजी प्रवेश कुमार को राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज लखनऊ भेजा गया है। यहीं के सहायक अध्यापक डॉ. राजेन्द्र सिंह और प्रमोद कुमार पटेल का तबादला क्रमशः जीआईसी हमीपुर और राजकीय हाईस्कूल अंदौली फतेहपुर कर दिया गया है।

