25 July 2026

प्रवक्ता भर्ती की प्री परीक्षा के चार विषयों के परिणाम घोषित

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने राजकीय इंटर कॉलेजों में प्रवक्ता भर्ती 2025 की प्रारंभिक परीक्षा के चार और विषयों का परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिया। 14 जून को आयोजित 13 विषयों की प्रारंभिक परीक्षा में से रसायन विज्ञान, गणित, अंग्रेजी व इतिहास का परिणाम वेबसाइट पर अपलोड किया गया है।

आयोग के सचिव गिरीश कुमार त्यागी के अनुसार निर्धारित न्यूनतम दक्षता मानक अंक प्राप्त नहीं करने के कारण कतिपय श्रेणियों में निर्धारित संख्या से कम अभ्यर्थी उपलब्ध पाए गए हैं। रसायन विज्ञान विषय में पंजीकृत 23702 अभ्यर्थियों में से 9938, गणित में 39781 अभ्यर्थियों में से 15387, अंग्रेजी में 42866 अभ्यर्थियों में से 16683 जबकि इतिहास में 35862 अभ्यर्थियों में से 14184 प्रारंभिक परीक्षा में उपस्थित रहे।

प्रवक्ता रसायन विज्ञान में 147, गणित में 122, अंग्रेजी में 189 और इतिहास में 78 रिक्तियों के सापेक्ष क्रमशः 2395, 853, 2571 तथा 1586 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए औपबंधिक रूप से सफल घोषित किया गया है।