प्रयागराज। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 के लिए केंद्र निर्धारण अब 27 नवंबर तक होगा। यह दूसरा मौका है जब केंद्र निर्धारण की समय सारिणी में संशोधन हुआ है।
सबसे पहले एक जुलाई को जारी शासनादेश में 18 सितंबर तक केंद्र निर्धारण होना था। सावन में कांवर यात्रा के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में स्कूलों की बंदी और गोंडा व सीतापुर आदि जिलों में बाढ़ जैसे हालात के कारण 19 अगस्त को केंद्र निर्धारण की समय सारिणी में संशोधन करते हुए अंतिम तिथि 29 अक्तूबर तय की गई थी। अब 27 नवंबर तक केंद्र निर्धारण का लक्ष्य रखा गया है। शासन के विशेष सचिव संदीप परमार की ओर से शुक्रवार को जारी आदेश के अनुसार विद्यालयों के भौतिक सत्यापन के बाद आख्या को डीआईओएस 12 अक्तूबर तक वेबसाइट पर अपलोड/अपडेट करेंगे।

