प्रयागराज, । उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने परिषदीय शिक्षकों एवं स्पेशल एजुकेटर्स के लिए आयोजित विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा (स्पेशल टीईटी) का परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिया। प्राथमिक स्तर (कक्षा एक से पांच तक) के लिए आयोजित परीक्षा में सम्मिलित 50666 अभ्यर्थियों में से 15159 (29.92 प्रतिशत) अभ्यर्थी तथा उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा छह से आठ तक) की परीक्षा में सम्मिलित 43015 अभ्यर्थियों में से 23743 (55.19 प्रतिशत) अभ्यर्थी सफल घोषित हुए हैं।
आयोग के उपसचिव डॉ. संजय कुमार सिंह के अनुसार आयोग ने सभी सफल अभ्यर्थियों का प्रमाणपत्र निर्गत कर दिया है। अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से अपना अनुक्रमांक व जन्मतिथि प्रविष्ट कर प्रमाणपत्र डाउनलोड कर सकते हैं। उक्त प्रमाणपत्र डिजिलॉकर के माध्यम से भी यथाशीघ्र आयोग की वेबसाइट से डाउनलोड किया जा सकेगा। गौरतलब है कि विशेष टीईटी तीन नवंबर को छह मंडल मुख्यालय वाले जिलों प्रयागराज, लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, मेरठ एवं आगरा में दो पालियों में कराई गई थी।
प्राचार्य भर्ती का परिणाम घोषित, 110 सफल
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालय एवं महिला महाविद्यालयों में प्राचार्य भर्ती का अंतिम परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिया। अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि उच्च न्यायालय की लखनऊ खंडपीठ में योजित विशेष अपील में 20 नवंबर को पारित आदेश के अनुपालन में एक पद रोकते हुए कुल 110 चयनित अभ्यर्थियों का अंतिम परिणाम जारी किया गया है। उप सचिव संजय कुमार सिंह ने बताया कि प्राचार्य भर्ती की लिखित परीक्षा 24 सितंबर को कराई गई थी। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 27, 28, 30 व 31 अक्तूबर तथा 17 नवंबर को कराया गया।
.jpeg)
