25 November 2026

यूपी के 60 हजार प्राथमिक शिक्षकों के लिए गुड न्यूज, प्रमोशन के लिए डेट सहित सभी BSA को आदेश जारी

उत्तर प्रदेश के परिषदीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूलों के करीब 60 हजार शिक्षकों को पदोन्नति का लाभ मिलेगा। 10 वर्ष बाद परिषदीय स्कूलों के शिक्षकों की प्रोन्नति की जा रही है। बेसिक शिक्षा परिषद की ओर से सभी बेसिक शिक्षा अधिकारियों को 30 नवंबर तक प्रोन्नति प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। अभी सिर्फ श्रावस्ती में यह प्रक्रिया पूरी हुई है।



परिषदीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूलों में अंतिम बार वर्ष 2016 में शिक्षकों की पदोन्नति की गई थी। पांच साल की सेवा पूरी करने पर परिषदीय प्राथमिक स्कूलों के सहायक अध्यापक को प्राथमिक के हेड मास्टर और उच्च प्राथमिक स्कूलों के सहायक अध्यापक के पद पर प्रोन्नति दी जाती है। फिर अगली प्रोन्नति उन्हें उच्च प्राथमिक स्कूल के हेड मास्टर के पद पर मिलती है। शिक्षक को वरिष्ठता पूरी होने के बावजूद पद रिक्त न होने 10 साल में चयन वेतनमान और फिर 22 साल में प्रोन्नत वेतनमान का लाभ दिया जाता है। परिषदीय स्कूलों में करीब 3.15 लाख शिक्षक कार्यरत हैं। ऐसे में करीब 60 हजार शिक्षकों को प्रोन्नति का लाभ मिलेगा। परिषदीय प्राथमिक स्कूल में 150 छात्रों और उच्च प्राथमिक स्कूल में 100 छात्रों के होने पर हेड मास्टर का पद सृजित है।

 
बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव सुरेन्द्र कुमार तिवारी की ओर से सभी जिलों के बेसिक शिक्षा अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि जल्द प्रोन्नति की प्रक्रिया समय पर पूरी की जाए नहीं तो सख्त कार्रवाई होगी। अभी सिर्फ श्रावस्ती में ही पदोन्नति की प्रक्रिया पूरी हुई है। गोंडा में बीते दिनों प्रोन्नति प्रक्रिया में देरी पर शिक्षकों ने धरना भी दिया था। लंबे समय से प्रोन्नति का इंतजार कर रहे शिक्षकों का अब गुस्सा बढ़ रहा है। पहले वरिष्ठता को लेकर न्यायालय में मामला जाने और फिर शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) पास होने को लेकर पदोन्नति का मामला लटका रहा। उप्र बीटीसी शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष अनिल यादव ने वरिष्ठता क्रमांक के आधार पर पहले आओ-पहले पाओ की तर्ज पर काउंसिलिंग कराने का अनुरोध किया है।
 गोरखपुर में बीआरसी पर होगी काउंसलिंग
परिषदीय विद्यालयों में शिक्षकों की पदोन्नति के लिए जारी अनंतिम वरिष्ठता सूची में सुधार की प्रक्रिया 25 से 29 नवंबर तक चलेगी। इसके लिए शिक्षकों की काउंसिलिंग कराई जाएगी। यह प्रक्रिया पदोन्नति के लिए नहीं, बल्कि अनंतिम सूची की त्रुटियों को दूर कर अंतिम सूची तैयार करने के उद्देश्य से की जा रही है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी धीरेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि काउंसिलिंग अब जिला मुख्यालय के बजाय संबंधित ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) पर होगी। शिक्षकों को इसके लिए जिला मुख्यालय आने की जरूरत नहीं है। निर्धारित तिथियों में संबंधित बीआरसी पर पहुंचकर शिक्षक अपने अभिलेखों और वरिष्ठता संबंधी विवरण का सत्यापन करा सकेंगे।


काउंसिलिंग में अभिलेखों का होगा सत्यापन
उन्होंने बताया कि काउंसिलिंग के माध्यम से सूची में किसी तरह की त्रुटि या विसंगति को दूर किया जाएगा, ताकि अंतिम वरिष्ठता सूची तैयार करते समय कोई गड़बड़ी न रहे। इसके बाद संशोधित विवरण के आधार पर अंतिम सूची जारी की जाएगी। शिक्षकों को अपने नियुक्ति संबंधी अभिलेख, टीईटी प्रमाणपत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज साथ रखने होंगे।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more