हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

10 November 2026

यूपी में शिक्षक प्रमोशन पर बड़ा पेच! कहीं नियुक्ति तो कहीं ज्वाइनिंग की तारीख से तय हो रही वरिष्ठता, अब कोर्ट जाने की तैयार




 उत्तर प्रदेश में परिषदीय शिक्षकों की पदोन्नति प्रक्रिया के बीच वरिष्ठता सूची को लेकर विवाद गहराता जा रहा है. कहीं शिक्षकों की वरिष्ठता मौलिक नियुक्ति की तारीख से तय की जा रही है तो कहीं विद्यालय में कार्यभार ग्रहण करने की तिथि को आधार बनाया जा रहा है. अलग-अलग जिलों में अलग नियम अपनाए जाने से शिक्षकों में नाराजगी बढ़ गई है. उनका कहना है कि वरिष्ठता तय करने में एक समान नियम लागू नहीं हुआ तो पदोन्नति प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है और मामला न्यायालय तक पहुंच सकता है।



●वरिष्ठता सूची तैयार करने के तरीके पर उठे सवाल
उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा अध्यापक सेवा नियमावली 1981 के प्रावधानों को लेकर वरिष्ठता सूची पर सवाल खड़े हो रहे हैं. शिक्षकों का कहना है कि वरिष्ठता निर्धारित करने में मौलिक नियुक्ति की तारीख को आधार बनाया जाना चाहिए. इसके बावजूद कौशाम्बी समेत कुछ जिलों में विद्यालय में कार्यभार ग्रहण करने की तारीख के आधार पर वरिष्ठता सूची तैयार किए जाने की बात सामने आई है. दूसरी ओर प्रयागराज, मैनपुरी समेत कई जिलों में मौलिक नियुक्ति की तारीख को आधार बनाया गया है. अलग-अलग जिलों में अलग प्रक्रिया अपनाए जाने से पदोन्नति को लेकर असमंजस की स्थिति बन गई है।


●नियुक्ति आदेश और ज्वाइनिंग की तारीख में फंसा पेंच
शिक्षकों के सेवा मामलों के जानकार अतुल द्विवेदी के मुताबिक, पदोन्नति के लिए वरिष्ठता निर्धारित करते समय मौलिक नियुक्ति की तारीख को महत्व दिया जाना चाहिए. विद्यालय में कार्यभार ग्रहण करने की तारीख को आधार बनाने से वरिष्ठता का क्रम प्रभावित हो सकता है. इसे एक उदाहरण से समझा जा सकता है. यदि किसी शिक्षक का नियुक्ति आदेश एक मई को जारी हुआ और उसने निर्धारित समय के भीतर पांच मई को विद्यालय में कार्यभार ग्रहण किया तो वरिष्ठता एक मई से तय होनी चाहिए. लेकिन यदि पांच मई को आधार बनाया जाता है तो पहले नियुक्त हुए शिक्षक की वरिष्ठता पीछे हो सकती है। इसी अंतर को लेकर शिक्षकों में असंतोष है।


*प्रधानाध्यापक पद की पदोन्नति सूची पर भी आपत्ति
उच्च प्राथमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापक पद पर पदोन्नति के लिए तैयार वरिष्ठता सूची को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं. प्रयागराज में 29334 सहायक अध्यापक भर्ती के तहत सितंबर 2015 में नियुक्त विज्ञान और गणित विषय के सीधी भर्ती वाले शिक्षकों ने सूची में अपनी वरिष्ठता को लेकर आपत्ति जताई है. उनका कहना है कि वर्ष 2016 में पदोन्नति पाने वाले शिक्षकों, अंतरजनपदीय स्थानांतरण से आए उच्च प्राथमिक विद्यालयों के सहायक अध्यापकों और प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को उनसे ऊपर स्थान दिया गया है. इस व्यवस्था को लेकर शिक्षकों के बीच असंतोष है.


*प्रयागराज, सुल्तानपुर और बाराबंकी की सूची पर सवाल
शिक्षकों की ओर से यह भी सवाल उठाया जा रहा है कि कुछ जिलों में वरिष्ठता तय करते समय प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक के पद पर पहली नियुक्ति की तारीख को आधार बनाया गया है. जबकि मांग है कि संबंधित पद पर पदोन्नति की तारीख को ध्यान में रखकर वरिष्ठता सूची तैयार की जाए. प्रयागराज, सुल्तानपुर और बाराबंकी की वरिष्ठता सूचियों में विसंगतियां होने की बात कही जा रही है. वहीं मैनपुरी, मऊ और कौशाम्बी समेत कुछ जिलों की सूचियों को सही प्रक्रिया के अनुरूप बताया जा रहा है. अलग-अलग जिलों में अलग आधार अपनाए जाने से पदोन्नति प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more