प्रयागराज । सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में टीजीटी के 17735 पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन के दौरान आ रही कठिनाइयों को दूर करने की मांग को लेकर संयुक्त प्रतियोगी छात्र हुंकार मंच से जुड़े अभ्यर्थियों ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग का घेराव किया। आवेदकों का कहना है कि पोर्टल पर विषय संयोजन पूरा करने के लिए अन्य का विकल्प दिया गया है, लेकिन यह विकल्प सही ढंग से कार्य नहीं कर रहा है। इससे अनेक योग्य अभ्यर्थी अपना आवेदन पूरा नहीं कर पा रहे हैं।
ये भी पढ़ें - शैक्षिक सत्र 2026-27 में बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं का अंतर्जनपदीय स्थानांतरण।
ये भी पढ़ें - 16 नवम्बर 2026 को सूर्य पष्ठी / छठ पूजा का अवकाश घोषित करने के सम्बन्ध में पत्र
29 जुलाई 2011 से पूर्व की शैक्षिक योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों को दी गई प्रतिशत संबंधी छूट का लाभ ऑनलाइन आवेदन में नहीं मिल पा रहा है। ओबीसी, एससी/एसटी वर्ग के अभ्यर्थियों को मिलने वाली पांच प्रतिशत की छूट को लेकर आवेदन प्रक्रिया में स्पष्टता एवं तकनीकी समाधान का अभाव है। विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं दूरस्थ शिक्षा संस्थानों की ओर से जारी एकल विषय से संबंधित एक, दो एवं तीन वर्षीय प्रमाणपत्रों तथा उनकी शैक्षिक मान्यता को लेकर असमंजस है। इन समस्याओं को लेकर अभ्यर्थी जब आयोग पहुंचते हैं तो उन्हें शिक्षा निदेशालय भेज दिया जाता है और निदेशालय में चयन आयोग का मामला कहकर टाल देते हैं। चयन आयोग के उपसचिव नंदलाल चौरसिया एवं विकास सिंह से अभ्यर्थियों ने वार्ता की। मांग की कि आवेदन पोर्टल की तकनीकी खामियों को तत्काल दूर किया जाए, अदर विकल्प को सुचारु रूप से संचालित किया जाए।

