UpdateMarts
Follow Channel

21 May 2022

207 असिस्टेंट प्रोफेसर का कॉलेज आवंटन 25 को


प्रयागराज । सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में विज्ञापन संख्या-50 के तहत चार विषयों में चयनित 207 असिस्टेंट प्रोफेसर को 25 मई को कॉलेज आवंटित होंगे। पहले तीन विषयों का कॉलेज आवंटन होना था, लेकिन अब महिला अध्ययन विषय भी शामिल कर लिया गया है। उच्च शिक्षा निदेशालय को उत्तर प्रदेश उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग ने वाणिज्य के 79 पदों का संशोधित परिणाम भी शनिवार को भेज दिया है, जिसके चयनितों को 31 मई को कॉलेज आवंटित किए जाएंगे।


असिस्टेंट प्रोफेसर महिला अध्ययन के एक पद पर 13 मई को कॉलेज आवंटित होना था, लेकिन इसका मामला कोर्ट में होने के कारण काउंसिलिंग स्थगित कर दी गई थी। अब 25 मई को महिला अध्ययन विषय के चयनित अभ्यर्थी की काउंसिलिंग कराई जाएगी। कॉलेज आवंटन एवं नियुक्ति कोर्ट के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगी। 25 मई को ही असिस्टेंट प्रोफेसर शारीरिक शिक्षा के 23, वनस्पति विज्ञान के 87 व प्राणि विज्ञान के 96 पदों पर चयनितों को कॉलेज आवंटन व ऑनलाइन नियुक्ति पत्र जारी होंगे। उच्च शिक्षा निदेशालय के सहायक निदेशक बीएल शर्मा ने बताया कि 31 मई से पहले आयोग जिन विषयों का परिणाम निदेशालय को भेजेगा, उनके चयनितों का कॉलेज आवंटन 31 को कर दिया जाएगा।