हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

03 June 2022

कैसे बने भला स्कूलों की कुंडली आधे ने तो अभी सुध भी नहीं ली

गाजीपुर, जिले के इंटरमीडिएट तक के कालेजों की यू-डायस प्रपत्र के माध्यम से कुंडली तैयार कराई जा रही है। इसको लेकर प्रधानाचार्यों में रुचि नहीं दिखाई दे रही है। इसी का नतीजा है कि निर्धारित तिथि खत्म हो जाने के बाद भी अभी तक 23 सौ विद्यालयों की तरफ से ही इस महत्वपूर्ण प्रपत्र को पूरा किया गया है। 26 सौ से ज्यादा विद्यालयों ने इसे भरने की अभी तक जहमत भी नहीं उठाई है। ऐसे में शासन की मंशा पर पानी फिरता नजर आ रहा है।


जिले में बेसिक एवं माध्यमिक से संचालित राजकीय, वित्तपोषित और वित्तविहीन विद्यालयों के अलावा संस्कृत विद्यालयों, नवोदय विद्यालय, मदरसा, केंद्रीय विद्यालय एवं अंग्रेजी माध्यम के विद्यालयों को यूनीफाइड डिस्ट्रिक्ट इनफार्मेशन सिस्टम फार एजुकेशन (यू-डायस) प्रपत्र में विद्यालय की संपूर्ण जानकारी भरनी होती है।

इसमें विद्यालय की भौतिक सूचनाएं, छात्र नामांकन, शिक्षक विवरण, इंफ्रास्ट्रक्चर विवरण, वार्षिक परीक्षा, स्कूल सुरक्षा, मान्यता, विद्यालय की बनावट और प्रकार की सूचनाएं दर्ज होती है। इसके अलावा छात्रावास, पढ़ाई का माध्यम, छात्रों का विवरण, मूल्यांकन, गुणवत्ता सहित अन्य सभी विद्यालय से जुडी जानकारी इस प्रपत्र में भरी जाती है। प्रत्येक विद्यालय को 31 मई तक अपने विद्यालय की सारी सूचनाओं को डाटा कैप्चर फार्मेट पर पूर्ण कर यू-डायस पोर्टल पर इंट्री कराना अनिवार्य किया गया था। इसके बावजूद निर्धारित तिथि तक आधा से भी कम विद्यालयों ने इसे पूरा किया था। जिले में इंटर तक के कुल 5976 विद्यालय हैं। इसमें 2296 ने यू-डायस प्रपत्र भरा है। इसमें जखनिया ब्लाक के 180, सैदपुर 133, देवकली 200, मनिहारी 239, मरदह 135, कासिमाबाद 142, सादात 137 तथा जमानिया विकासखंड के 87 विद्यालय हैं। इसके अलावा बाराचवर 52, भदौरा 45, नगर क्षेत्र 22, सदर 198, करंडा 112, बिरनो 218, भांवरकोल 102, मुहम्मदाबाद 212 एवं रेवतीपुर ब्लाक क्षेत्र के 82 विद्यालयों ने प्रपत्र पूरा किया है। वहीं 1064 की तरफ से इसे भरा जा रहा है। चिंता की बात तो यह है कि 2616 विद्यालयों ने इसे भरने में अभी तक रुचि नहीं दिखाई है।
नहीं भरने वालों में जखनिया, सैदपुर, देवकली, मनिहारी और मरदह के ज्यादा विद्यालय
गाजीपुर। कई विकासखंडों में यू-डायस प्रपत्र भरने की शुरुआत न करने वाले विद्यालयों की संख्या ज्यादा है। इसमें जखनिया 309, सैदपुर 247, देवकली 243, मनिहारी 225, मरदह 213, कासिमाबाद 167, सादात 156 तथा जमानिया ब्लाक के 150 विद्यालय हैं। इसके अलावा बाराचवर 141, भदौरा 135, नगर क्षेत्र 126, सदर 116, करंडा 116, बिरनो 74, भांवरकोल 72, मुहम्मदाबाद 70 तथा रेवतीपुर विकासखंड क्षेत्र के 56 विद्यालयों ने इस प्रपत्र को भरने की अभी तक जहमत भी नहीं उठाई है।
माध्यमिक के 464 विद्यालयों ने भरा प्रपत्र
गाजीपुर। जिले में माध्यमिक के 1124 में 28 राजकीय विद्यालय, 96 वित्तपोषित, 924 वित्तविहीन, 74 मदरसा और एक-एक नवोदय और केंद्रीय विद्यालय संचालित हो रहे हैं। राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी आशीष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अब तक 464 विद्यालयों ने यू-डायस प्रपत्र पूरा किया है। इसमें 28 राजकीय में 22 ने उसे भर दिया है।
अब तक करीब अस्सी फीसदी परिषदीय विद्यालयों की तरफ से इसे पूरा कर लिया गया है। सभी खंड शिक्षाधिकारियों को शेष विद्यालयों को इस प्रपत्र को जल्द पूर्ण कराने को कहा गया है- हेमंत राव, बेसिक शिक्षाधिकारी
-----------------------------
जिले के सभी माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को यू-डायस प्रपत्र को जल्द से जल्द पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया है। अन्यथा की दशा में संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी- डा. ओमप्रकाश राय, जिला विद्यालय निरीक्षक

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more