पढ़ने-लिखने की उम्र में रोजी-रोटी की तलाश


प्रयागराज। कभी युवाओं के सपनों का शहर आज बेरोजगारी के अजीब दौर से गुजर रहा है। पढ़ने-लिखने की उम्र में किशोर रोजी-रोटी की तलाश कर रहे हैं। जिस उम्र में लड़के-लड़कियां इंटर कॉलेज में पढ़ाई करते है उसमें नौकरी की तलाश में हजारों किशोरों ने रोजगार कार्यालय के पोर्टल पर नाम लिखवा रखा है।


क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय के पोर्टल पर दिसंबर 2022 तक आयु, वर्ग, लिंग तथा शैक्षिक स्तरवार 1,63,946 बेरोजगार पंजीकृत हैं। इसमें वैसे तो सर्वाधिक 30 से 39 साल के अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है। लेकिन सबसे चौंकाने वाला आंकड़ा 17 साल तक की उम्र के बेरोजगारों का है। पोर्टल पर 17 साल तक के कुल 7518 किशोरों ने पंजीकरण करा रखा है जिनमें से एक हजार से अधिक 1083 लड़कियां हैं। इनमें 12वीं पास 3769 किशोर व 793 किशोरी कुल 4562 जबकि 10वीं पास 2345 किशोर व 159 किशोरी कुल 2504 नौकरी की कतार में हैं। 10वीं से कम शैक्षणिक योग्यता रखने वाले 452 (321 किशोर व 131 किशोरी) भी नौकरी मिलने की आस लगाए हुए हैं।

दिसंबर 2021 तक 17 साल से कम आयु के 7145 किशोरों ने रोजगार कार्यालय में पंजीकरण करा रखा था।


बेबसी 50 साल से अधिक उम्र में भी खोज रहे नौकरी

ऐसा नहीं है कि सिर्फ कम उम्र के युवाओं को ही नौकरी की तलाश है। पोते-पोती को पढ़ाने की उम्र में भी लोग रोजी-रोटी खोज रहे हैं। सेवायोजन कार्यालय के पोर्टल पर 50 से 59 साल के 317 लोगों ने भी पंजीकरण करा रखा है। 1865 दिव्यांग भी नौकरी की तलाश कर रहे हैं।