UpdateMarts•Com
Follow Channel

14 January 2024

स्थानांतरित होने के बाद भी नियुक्ति न मिलने से भड़के बेसिक शिक्षक, बीएसए कार्यालय पर एकत्र हुए शिक्षकों ने की नियुक्ति देने की मांग


मुरादाबाद, पारस्परिक अंतःजनपदीय स्थानांतरण होने के बाद भी कार्यमुक्ति व नियुक्ति न मिलने से बेसिक शिक्षकों में जबरदस्त रोष है। शनिवार को बड़ी संख्या में शिक्षक जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के कार्यालय पर एकत्र हुए और उन्होंने नियुक्ति दिलवाने की मांग की। शिक्षकों ने कहा कि उन्हें बीएलओ कार्य की वजह से नियुक्ति से वंचित किया जा रहा है, जोकि सरासर गलत है।



मुरादाबाद जनपद में बेसिक शिक्षा विभाग में 110 शिक्षकों का पारस्परिक अंतः जनपदीय स्थानांतरण हुआ है। शिक्षकों ने कहा कि यदि स्थानांतरण नहीं किया गया तो सामूहिक रूप से इस्तीफा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि कार्यमुक्त होने और नए विद्यालय में नियुक्ति लेने के लिए 11, 12 और 13 जनवरी की तारीख निर्धारित थी। स्थानांतरण की सूची 12 जनवरी को देर रात जारी हुई है। शनिवार को यह कहते हुए कार्यमुक्ति पर रोक लगा दी गई कि हम बीएलओ हैं और निर्वाचन कार्य में लगे हैं। 

कुंदरकी ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय गंगवार के शिक्षक महीपाल सिंह ने बताया कि ठाकुरद्वारा ब्लॉक में मेरा स्थानांतरण हुआ है। बीएलओ का कार्य पूरा हो चुका है। 22 जनवरी को मतदाता सूची का प्रकाशन है। हम दूसरे विद्यालय से आकर सूची प्रकाशन का कार्य करने के लिए तैयार हैं। जेएचएस देवीपुरा कंपोजिट शिक्षक मोहम्मद आलिम ने बताया कि मेरा पीएस जलालपुर बिलारी में स्थानांतरण हुआ है। जिस विद्यालय में कार्यरत हूं, वह 52 किलोमीटर दूर है। अब मुझे 20 किलोमीटर दूर का स्कूल मिला है। 

कार्यमुक्ति और नियुक्ति लेने का शनिवार को अंतिम दिन था। प्राथमिक विद्यालय मिलक लालपुर गंगवारी में सहायक अध्यापक फहीम अहमद ने बताया कि मेरा स्थानांतरण ठाकुरद्वारा ब्लॉक में हुआ है। जिस विद्यालय में कार्यरत हूं, वह घर से 70 किलोमीटर है, जबकि जिस विद्यालय में स्थानांतरण हुआ है, वह छह किलोमीटर दूर है। जिलाध्यक्ष उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ सर्वेश कुमार शर्मा, जिला मंत्री धर्मेंद्र कुमार सिंह, अर्जुन सिंह, गिरिवर कुमार, विमल कुमार आदि मौजूद रहे।

फार्म में गलती से नहीं आया सूची में नाम

प्राथमिक विद्यालय खड़ौआ बिलारी आफताब अहमद खान ने बताया कि जिन शिक्षक के साथ मैंने पारस्परिक स्थानांतरण लिया है, उनके आवेदन फॉर्म में गलती हो गई थी। इसकी वजह से मेरा नाम स्थानांतरण सूची में नहीं आया है। शिक्षक शशिबाला सुमन ने बताया कि पीएस मछरिया की शिक्षिका के साथ पारस्परिक स्थानांतरण लेना चाहती थी, लेकिन हमारी नियुक्ति की तारीख में अंतर आ जाने की वजह से स्थानांतरण सूची में मेरा नाम नहीं आया है।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more