हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

14 January 2024

यूपी बोर्ड की नई व्यवस्था : कक्ष निरीक्षकों के आईकार्ड पर होगा क्यूआर कोड


हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा नकलविहीन कराने के लिए यूपी बोर्ड ने एक और अहम कदम उठाया है। पहली बार कक्ष निरीक्षकों के आईकार्ड पर बार कोड और क्रमांक होगा। इस बार कक्ष निरीक्षकों के लिए बनने वाले आईकार्ड का प्रारूप यूपी बोर्ड मुख्यालय जारी करेगा। जारी प्रारूप पर ही जिला विद्यालय निरीक्षक कक्ष निरीक्षकों का आईकार्ड जारी करेंगे। सूबे से लगभग 2.75 लाख शिक्षकों की ड्यूटी बोर्ड परीक्षा में लगेगी।


बोर्ड की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक बोर्ड परीक्षा-2024 नकल विहीन कराने के लिए परीक्षा कक्षों में निरीक्षण के लिए लगाए जाने वाले लगभग 2.75 लाख कक्ष निरीक्षकों के लिए पहली बार एक सुरक्षित क्यूआर बार कोड एवं क्रमांकयुक्त कम्प्यूटराइज्ड परिचय पत्र तैयार कराया जाएगा। डीआईओएस बोर्ड के पोर्टल से शिक्षकों के आईकार्ड का प्रोफार्मा डाउनलोड कर लेंगे। प्रोफार्मा पर आवंटित परीक्षा केंद्रों का विवरण अंकित कर सम्बन्धित कक्ष निरीक्षकों को परीक्षा से एक सप्ताह पहले दे दिया जाएगा। परिचय पत्र पर सम्बन्धित कक्ष निरीक्षक का अध्यापन विषय भी मुद्रित होगा, जिससे सम्बन्धित विषयों की परीक्षा में उनके स्थान पर दूसरे अध्यापन विषय वाले अध्यापकों से कक्ष निरीक्षण का कार्य कराया जाएगा। परीक्षा केंद्रों पर कक्ष निरीक्षण एवं परीक्षा सम्बन्धी अन्य विविध कार्यों के लिए अध्यापकों /प्रधानाचार्यों व अन्य कार्मिकों की ड्यूटी डीआईओएस ही लगाएंगे।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more