हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

22 April 2024

प्रचंड गर्मी में परिषदीय स्कूलों में 12 बजे छुट्टी की मांग


प्रयागराज :

भीषण गर्मी एवं लू को देखते हुए शिक्षकों ने बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में दोपहर दो बजे कि स्कूल चलाने का विरोध किया है। इनका मानना है कि दो बजे छुट्टी होने पर तेज धूप में घर लौटते समय बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। शिक्षकों ने विद्यार्थियों के सेहत को ध्यान में रखकर मुख्यमंत्री से दोपहर 12 बजे छुट्टी करने की मांग की है। उनकी मांग के समर्थन में विधान परिषद सदस्य आशुतोष सिन्हा ने प्रमुख सचिव बेसिक शिक्षा को पत्र लिखकर कहा है कि विद्यार्थियों के हित में 12 से 12.30 के मध्य छुट्टी करने का आदेश दिया जाना चाहिए।

उत्तर प्रदेश बीटीसी शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष अनिल यादव ने मुख्यमंत्री से मांग में कहा है कि गर्मी और लू को देखते हुए सरकार समस्त परिषदीय विद्यालयों के समय में परिर्वतन करे, जिससे बच्चों की सेहत बिगड़ने न पाए। विधान परिषद सदस्य ने प्रमुख सचिव को पत्र लिखकर बताया है कि कुछ जनपदों


में जिलाधिकारियों के निर्देश पर भीषण गर्मी के चलते बेसिक स्कूलों के समय परिवर्तन का आदेश जारी किया था। इसके बाद शिक्षा निदेशक (बेसिक) ने बेसिक शिक्षा परिषद सचिव के जारी अवकाश तालिका में निर्धारित समय सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे का हवाला देते हुए इसी अनुरूप विद्यालय संचालन के निर्देश दिए हैं। इस कारण जनपदीय अधिकारी विद्यालय संचालन समय में परिवर्तन का निर्णय नहीं ले पा रहे हैं, जबकि बेसिक शिक्षा परिषद की अवकाश तालिका में दी गई व्यवस्था के अनुसार ग्रीष्मकाल व शीतकाल में सक्षम प्राधिकारी द्वारा समय परिवर्तन किया जा सकता है। बीटीसी शिक्षक संघ ने विद्यार्थियों के हित में छुट्टी का समय बदलने की मांग की है।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more