हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

11 December 2024

शिक्षक के साथ मारपीट करने वाले प्रधान की गिरफ्तारी न हुई तो आंदोलन करेंगे शिक्षक

  झांसी। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को डीएम, एसएसपी से मुलाकात की। कहा कि मऊरानीपुर के शिक्षक के साथ मारपीट करने वाले प्रधान की गिरफ्तारी न होने से शिक्षकों में रोष है। जल्द गिरफ्तारी न हुई तो शिक्षक आंदोलन करेंगे।




एसएसपी को ज्ञापन सौंपते हुए उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष/जिलाध्यक्ष जितेंद्र दीक्षित ने कहा कि उच्च प्राथमिक विद्यालय धमनापायक (मऊरानीपुर) में विद्यालय प्रबंधन समिति के गठन में मनमर्जी न चला पाने पर ग्राम प्रधान ने प्रभारी प्रधानाचार्य से मारपीट की थी।पंजिका फाड़ने और बच्चों के सामने मारपीट करने की प्राथमिकी थाने में दर्ज कराने के बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इस बारे में शिक्षक संघ की ब्लॉक कार्यकारिणी ने एसडीएम और सीओ को ज्ञापन सौंपकर गंभीर धाराएं जोड़ने और आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की थी।


दो दिन में गिरफ्तारी का आश्वासन देने के बावजूद आरोपी को पकड़ा नहीं जा सका है। इससे विद्यालय के अध्यापकों में भय का माहौल है। वहीं, पूरे प्रदेश के शिक्षकों में आक्रोश है। शिक्षक नेता ने विद्यालय में हिंसा कर दहशत फैलाने वाले प्रधान की गिरफ्तारी कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की। न्याय न होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी। इस दौरान जूनियर शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह परिहार, अजय सिंह परिहार, शिवकुमार पाराशर, हरिशंकर यादव, जितेंद्र त्रिपाठी, उमेश बबेले, राकेश तिवारी, संजू सोनी, जितेंद्र पटेल, पंकज पटेल आदि रहे।



काली पट्टी बांधकर शिक्षकों ने जताया विरोध

शिक्षक के साथ मारपीट की घटना के विरोध में मंगलवार को शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर शिक्षण कार्य किया। बेसिक शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष रसकेंद्र गौतम ने बताया कि अगर आरोपी प्रधान की जल्द गिरफ्तारी न हुई तो स्कूलों में तालाबंदी होगी।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more