28 February 2026

यूपी में होली से पहले 6 IAS-PCS का ट्रांसफर

 

यूपी में होली से पहले 6 IAS-PCS का ट्रांसफर

प्रदेश सरकार ने तीन आइएएस व तीन पीसीएस अधिकारियों की तैनाती में फेरबदल किया है। इनमें से दो आइएएस अधिकारियों को विभागों को अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। अपर मुख्य सचिव बाबू लाल मीना को उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण तथा रेशम विभाग के साथ ही खाद्य प्रसंस्करण के विभागाध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।



अभी तक टीके शिबू के पास इसका विभागाध्यक्ष का अतिरिक्त कार्यभार था। प्रमुख सचिव, होमगार्ड्स राजेश कुमार सिंह को प्रमुख सचिव, पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण के साथ ही निदेशक दिव्यांगजन सशक्तीकरण का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।


इस विभाग की जिम्मेदारी निभा रहे प्रमुख सचिव सुभाष चन्द्र शर्मा 28 फरवरी शनिवार को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। इसी प्रकार अपर आयुक्त, उद्योग एवं प्रबंध निदेशक उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के पद पर तैनात राजकमल यादव को उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग का विशेष सचिव बनाया गया है।

वहीं, पीसीएस अधिकारियों में राजेश कुमार श्रीवास्तव को अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति) ललितपुर से अपर आयुक्त गोरखपुर मंडल भेजा गया है। उप जिलाधिकारी अंबेडकरनगर संजय मिश्रा को अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति) ललितपुर बनाया गया है। उप जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर ललित कुमार मिश्रा को उप जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर के पद पर नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।