आगरा। एत्मादपुर स्थित आरबीएस पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल प्रबंधन और बस चालक की लापरवाही के अलावा खटारा बस की वजह से बुधवार दोपहर कक्षा 1 की 9 वर्षीय छात्रा नैना की जान चली गई। गांव नगला बिहारपुर मोड़ के पास स्पीड ब्रेकर से उछलकर छात्रा खटारा बस के टूटे फर्श से सड़क पर गिर गई और बस का पहिया छात्रा को रौंदता हुआ निकल गया। बस में सवार उसके भाई-बहन के शोर मचाने पर ड्राइवर ने बस को जब तक रोका तब तक वह करीब 100 मीटर तक आगे निकल चुकी थी। इस घटना से कुछ दिन पहले ही अलीगढ़ में भी इसी तरह की घटना हो चुकी है।
चालक लहूलुहान छात्रा के पास सहायक को छोड़कर स्कूल चला गया। काफी देर बाद स्कूल के दो कर्मचारी बाइक पर छात्रा को अस्पताल ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटना के बाद कर्मचारी और प्रबंधक स्कूल में ताला लगाकर भाग गए। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। मृत बच्ची के परिजन ने तहरीर दी है। प्रबंधक और चालक की तलाश की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। घटना के बाद से परिवार में मातम छाया है।
थाना एत्मादपुर क्षेत्र के नगला लाले गांव निवासी ब्रह्मजीत दूध व्यापारी हैं। उनका बेटा कान्हा (8) और दो बेटियां परी (12) और नैना (9) थीं। तीनों बच्चे भागूपुर गांव स्थित आरबीएस पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ रहे थे। नैना कक्षा 1 की छात्रा थी। इसी स्कूल में ब्रह्मजीत के भाई सोनू की बेटी गौरी (5) और बेटा ऋतिक (6) के साथ परिवार की शिवानी सहित गांव के चार अन्य बच्चे भी पढ़ते हैं। बुधवार को सभी बच्चे स्कूल गए थे। दोपहर में 1:30 बजे छुट्टी के बाद स्कूल की बस का चालक और सहायक बच्चों को रोजाना की तरफ घर छोड़ने आ रहे थे। बस में करीबन 35 छात्र-छात्राएं सवार थे।

