19 March 2026

मौसम ने करवट ली, पश्चिमी यूपी में आज हो सकती बारिश

 

लखनऊ। प्रदेश के पश्चिमी जिलों में मौसम ने बुधवार शाम अचानक करवट लिया। देर शाम दिल्ली से सटे जिलों नोएडा, गाजियाबाद आदि में झोंकेदार हवाओं व गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई।



मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम का यह बदलाव 21 मार्च तक जारी रहेगा। इस दौरान बारिश वाले क्षेत्रों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। तेज हवाओं और बारिश के असर से प्रदेशभर में अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट के संकेत हैं। बृहस्पतिवार को पश्चिमी यूपी व मध्यांचल के 23 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है, जबकि सहारनपुर, शामली और मुजफ्फरनगर समेत छह जिलों में ओलावृष्टि का अलर्ट है। बुधवार को बांदा सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 19 मार्च से बदलाव के साथ 20 मार्च को प्रदेशभर में तेज हवाओं और बारिश का व्यापक असर देखने को मिलेगा। ब्यूरो