19 March 2026

Gold Silver Price Today: सर्राफा बाजार में दिखी गिरावट; चांदी करीब ₹14000 तक टूटी, सोना ₹5300 सस्ता, जानिए क्या है रेट

 

पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच गुरुवार को सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट देखने को मिली। चांदी की कीमत 14230 रुपये गिरकर 2.33 लाख रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई। वहीं सोने का भाव 5330 रुपये गिरकर 1.48 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया।




एमसीक्स पर सोने-चांदी का भाव 

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर बुलियन बाजार दबाव में नजर आया। मजबूत अमेरिकी डॉलर और वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच सोना और चांदी दोनों में गिरावट दर्ज की गई। एमसीक्स पर 24 कैरेट सोना 0.57% टूटकर 1,52,150 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता दिखा, जबकि चांदी 1.21% गिरकर 2,45,197 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।

भू-राजनीतिक तनाव और फेड के फैसलों का दिखा असर

विशेषज्ञों के मुताबिक, अमेरिका-ईरान तनाव और पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई है, जिससे डॉलर मजबूत हुआ और इसका सीधा दबाव सोने-चांदी पर पड़ा।



अमेरिकी फेडरल रिजर्व के ताजा मौद्रिक नीति फैसले का भी असर बाजार पर देखने को मिला। फेड ने लगातार दूसरी बैठक में ब्याज दरों को 3.5% से 3.75% के दायरे में स्थिर रखा है। इससे पहले 2025 में सितंबर, अक्तूबर और दिसंबर में 0.25% की कटौती की गई थी। बाजार की नजर फेड चेयर जेरोम पॉवेल की टिप्पणियों पर भी रही।

वैश्विक बाजारों में सोने-चांदी की स्थिति

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कमजोरी देखने को मिली। स्पॉट गोल्ड 1.22% गिरकर 4,836 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जबकि स्पॉट सिल्वर 2.25% से ज्यादा टूटकर 75.75 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता दिखा। मार्च महीने में अब तक सोने की कीमतों में करीब 4% और चांदी में लगभग 16% की गिरावट आ चुकी है, जिससे निवेशकों की धारणा फिलहाल कमजोर बनी हुई है।