17 March 2026

UPTET का विज्ञापन इसी माह जारी करने की तैयारी, पहले ही घोषित की जा चुकी है परीक्षा आयोजन की तिथि

 प्रदेश के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों की शिक्षक भर्ती के लिए अनिवार्य शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) पहली बार उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग कराएगा। परीक्षा आयोजन की तिथि दो, तीन एवं चार जुलाई आयोग पहले ही निर्धारित कर चुका है। परीक्षा आयोजन में साढ़े तीन महीने का समय रह जाने को देखते हुए आयोग इसी माह टीईटी का विज्ञापन जारी करने की तैयारी में है, ताकि आवेदन लेकर उसी अनुरूप प्रश्नपत्र निर्माण, परीक्षा केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया समय रहते पूरी की जा सके।




प्रशिक्षित प्रतियोगी विज्ञापन जारी होने की कर रहे प्रतीक्षा

अभी तक यह परीक्षा उत्तर प्रदेश परीक्षा नियामक प्राधिकारी (पीएनपी) कराता रहा है। अंतिम बार टीईटी का विज्ञापन विज्ञापन अक्टूबर-2021 में पीएनपी ने जारी किया था, जिसकी परीक्षा जनवरी-2022 में कराई गई थी। इसके बाद से प्रशिक्षित प्रतियोगी टीईटी का विज्ञापन जारी होने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। शिक्षक भर्तियां कराने के साथ-साथ टीईटी के आयोजन को लेकर भी उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने तैयारी कर ली है।


20 जनवरी की बैठक में टीईटी तिथि घोषित हुई थी 

शिक्षा आयोग के अध्यक्ष डाॅ. प्रशांत कुमार की अध्यक्षता में 20 जनवरी को हुई बैठक में टीईटी-2026 के आयोजन की तिथि घोषित की गई थी। उसके बाद से अब तक आवेदन लेने के लिए विज्ञापन जारी नहीं किया गया है। विज्ञापन जारी किए जाने को लेकर आयोग ने बैठक में विचार-विमर्श कर योजना तैयार कर ली है। इसी माह विज्ञापन जारी किया जा सकता है।