अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों की प्रवक्ता संवर्ग (पीजीटी) परीक्षा-2022 के लिए उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने परीक्षा जनपद की सूचना जारी की है। 624 पदों के लिए यह परीक्षा नौ और 10 मई को प्रस्तावित है, जिसके लिए 17 जनपदों में 319 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। फरवरी 2022 में विज्ञापन जारी हुआ था। 4,64,605 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं।
इस परीक्षा के लिए चार बार तिथि पहले निर्धारित की गई थी, लेकिन परीक्षा का आयोजन नहीं किया जा सका था। उसके बाद आयोग में आए नए अध्यक्ष डा. प्रशांत कुमार ने 20 जनवरी 2026 को हुई आयोग की बैठक में पीजीटी परीक्षा की तिथि नौ व 10 मई निर्धारित की थी। उसके बाद परीक्षा आयोजन को लेकर तैयारियां की गईं। परीक्षा संबंधी विवरण वेबसाइट upessc.up.gov.in पर गुरुवार से देखा जा सकेगा।
प्रवेशपत्र छह मई से डाउनलोड किए जा सकेंगे। परीक्षा देवीपाटन मंडल को छोड़कर शेष 17 मंडल मुख्यालय के जिलों प्रयागराज, मीरजापुर, वाराणसी, आजमगढ़, गोरखपुर, बस्ती, अयोध्या, लखनऊ, बरेली, मुरादाबाद, मेरठ, सहारनपुर, अलीगढ़, आगरा, कानपुर नगर, बांदा, झांसी में होगी।

