30 April 2026

खुलासा: देश में हर आठ में से एक बीमार, दिल के मरीज 7 साल में तीन गुना


राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय की रिपोर्ट से खुलासा | 15 से 29 साल के युवा भी आ रहे इसकी चपेट में




नई दिल्ली। देश में हर आठ में से एक व्यक्ति बीमार है, यानी 100 में से 13 लोग किसी न किसी बीमारी से पीड़ित हैं। इनमें 9 में बच्चे व बुजुर्गों की संख्या सबसे अधिक है। देश में जीवनशैली से जुड़ी बीमारियां पहले से कहीं अधिक बढ़ी हैं और देश की आबादी का करीब आधा हिस्सा इससे प्रभावित है।


राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) से जारी पारिवारिक सामाजिक उपभोग: स्वास्थ्य रिपोर्ट के अनुसार, देश में संक्रामक बीमारियों में कमी आई है, लेकिन दिल की बीमारी, उच्च रक्तचाप और मधुमेह जैसी बीमारियों में वृद्धि हुई है। पिछले सात साल में देश में हृदय रोग से पीड़ितों की संख्या में करीब तीन गुना की बढ़ोतरी हुई है। यह चिंता की बात है कि 15 से 29 साल के युवा भी दिल की बीमारी की चपेट में आ रहे हैं।


एनएसओ की रिपोर्ट 80वें दौर, जनवरी-दिसंबर 2025 के स्वास्थ्य सर्वेक्षण पर आधारित है। यह देश में बीमारियों, इलाज के तरीकों और स्वास्थ्य पर होने वाले खर्च की तस्वीर पेश करती है। रिपोर्ट के अनुसार, देश में पिछले 15 दिनों के दौरान करीब 13.1 प्रतिशत लोग बीमार पड़े। प्रति एक लाख आबादी पर कुल 15,217 बीमारियों के मामले दर्ज किए गए। इसमें यह संकेत मिलता है कि कई लोगों को एक से अधिक स्वास्थ्य समस्याएं थीं। महिलाओं में यह संख्या 17,006 रही, जो पुरुषों के 13,504 मामलों से अधिक है।


3,891 हो गए दिल संबंधी मामले प्रति एक लाख आबादी पर

कुल बीमारियों में हृदय की बीमारी का हिस्सा 25.6 फीसदी


बच्चों में संक्रमण व सांस संबंधी बीमारी अधिक


रिपोर्ट के अनुसार, 0-14 वर्ष की आयु के बच्चों और किशोरों में बीमारियों का सबसे बड़ा हिस्सा संक्रमण और सांस संबंधी समस्याओं का है। इनमें खांसी, जुकाम और सांस के संक्रमण प्रमुख हैं। 15 से 29 वर्ष की आयु के युवाओं में भी संक्रमण की समस्या प्रमुख बनी हुई है।


हालांकि इस आयु वर्ग में मानसिक और पेट संबंधी समस्याओं का हिस्सा काफी बढ़ा है। इस आयु वर्ग के लोगों में शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी चुनौतियां भी सामने आई हैं।


बुजुर्ग ज्यादा बीमार


उम्र के हिसाब से, 60 साल और उससे अधिक उम्र के लोग ज्यादा बीमार पड़े। इस उम्र के समूह में करीब 42 से 45 प्रतिशत लोगों के बीमार होने की जानकारी दी गई है। इसके बाद 45 से 59 साल के उम्र वाले में करीब 20 से 25 प्रतिशत लोग बीमार पाए गए।


वहीं, 15 से 29 साल के उम्र के युवा सबसे कम बीमार हुए। इनका आंकड़ा 4 से 5 प्रतिशत रहा है। 0 से 4 साल के छोटे बच्चों में यह आंकड़ा लगभग 9 से 10 प्रतिशत रहा।


बीमारियों में बड़ा हिस्सा दिल संबंधी रोगों का


रिपोर्ट के अनुसार, पिछले सात सालों में दिल की बीमारियों के मामले करीब तीन गुना बढ़कर प्रति एक लाख आबादी पर 3,891 तक पहुंच गए हैं, जबकि वर्ष 2017-18 में यह संख्या 1,333 थी। कुल बीमारियों में इसकी हिस्सेदारी 25.6 प्रतिशत है, जो सभी श्रेणियों में सबसे अधिक है।


वहीं संक्रमण से जुड़ी बीमारियों में कमी दर्ज की गई है। वर्ष 2017-18 में प्रति एक लाख आबादी पर संक्रमण संबंधी बीमारियों के 2,547 मामले थे, जो 2025 में घटकर 2,302 रह गए।


उम्र बढ़ने के साथ तेजी से बढ़ रहा जोखिम


उम्र बढ़ने के साथ हृदय रोगों का खतरा तेजी से बढ़ता है। 4 वर्ष के बच्चों में यह सिर्फ 0.3 प्रतिशत और 5 से 14 वर्ष में 0.2 प्रतिशत है, पर 30 से 44 वर्ष की आयु में यह बढ़कर 15.3 प्रतिशत हो जाता है। 45-59 वर्ष के लोगों में हृदय रोगों की हिस्सेदारी 30.1 प्रतिशत तक है, जबकि 60 वर्ष से ज्यादा के लोगों में 37.8 प्रतिशत दर्ज की गई।


ग्रामीण इलाकों में यह आंकड़ा लगभग 12.2 प्रतिशत था। लिंग के आधार पर भी इसमें अंतर देखने को मिला। महिलाओं में बीमारी की दर 14.4 प्रतिशत थी, जबकि पुरुषों में यह 11.8 प्रतिशत थी।



---