20 April 2026

मेडिकल अवकाश वाले शिक्षक कर्मचारियों, दिव्यांग को जनगणना ड्यूटी से छूट की मांग

 

लखनऊ। प्रदेश में मई-जून में प्रस्तावित जनगणना को लेकर विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन ने विशेष श्रेणी के शिक्षक-कर्मचारियों को ड्यूटी से छूट देने की मांग उठाई है।



एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संतोष तिवारी ने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है। शिक्षक कर्मचारी इसमें जिम्मेदारी से सहयोग करते हैं। किन्तु सरकार भी यह सुनिश्चित करे कि इस दौरान संवेदनशील व विशेष परिस्थितियों में कार्यरत कर्मचारियों के साथ न्यायपूर्ण व्यवहार हो। प्रदेश महासचिव दिलीप चौहान ने मांग की कि मेडिकल अवकाश पर चल रहे शिक्षक-कर्मचारी, दिव्यांग शिक्षक व कर्मचारी, गर्भवती महिला शिक्षक व कर्मचारी तथा पति-पत्नी दोनों सरकारी सेवा में होने की स्थिति में किसी एक को जनगणना ड्यूटी से मुक्त रखा जाए। ताकि स्वास्थ्य, सुरक्षा, पारिवारिक दायित्वों व बच्चों की देखभाल जैसी आवश्यक जिम्मेदारियों का निर्वहन हो सके।


उन्होंने कहा कि गंभीर बीमारी या चिकित्सकीय अवकाश पर चल रहे कर्मचारियों से ड्यूटी लेना अमानवीय होगा। इसी प्रकार गर्भवती महिलाओं से काम लेना स्वास्थ्य की दृष्टि से जोखिमपूर्ण है। दिव्यांग कर्मचारियों को विशेष परिस्थितियों में राहत दिया जाना सामाजिक न्याय एवं संवैधानिक भावना के अनुरूप है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि शिक्षक व कर्मचारी हित में इन श्रेणियों को जनगणना ड्यूटी से छूट देने का आदेश जारी करें। ताकि प्रभावित परिवारों को राहत मिल सके।