01 April 2026

स्कूलों में आज से क्लास से पहले अखबार पढ़ेंगे बच्चे

 

स्कूलों में आज से क्लास से पहले अखबार पढ़ेंगे बच्चे



बेसिक व माध्यमिक विद्यालयों में एक अप्रैल से नए शैक्षिक सत्र 2026-27 की शुरुआत होगी। नए सत्र में क्लास से पहले प्रार्थना सभा में बच्चे समाचार पत्र पढ़ेंगे। छात्रों का स्क्रीन टाइम कम करने और अखबार व किताबें पढ़ने को बढ़ावा दिया जाएगा। छात्रों के मोबाइल लाने पर सख्ती होगी।


बेसिक व माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से जारी निर्देश में कहा गया है कि विद्यार्थियों में स्क्रीन टाइम कम करने पर फोकस करें और हर दिन

प्रार्थना सभा में समाचार पत्र की मुख्य खबरों को छात्रों से पढ़वाएं। कठिन शब्दों का उच्चारण कराएं और उसका अर्थ भी समझाएं। विभाग का मानना है कि बच्चों का भाषाई व तार्किक विकास अखबारों के माध्यम से आसानी से होगा। इसके लिए महत्वपूर्ण विषयों पर संपादकीय लिखने, कक्षा में समूह चर्चा कराने,


अखबार में प्रकाशित समस्याओं व विकास की खबरों पर चर्चा कराने को भी कहा गया है। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से जारी निर्देश में कहा गया है कि विद्यालय में छात्रों के लिए मोबाइल लाना पूरी तरह प्रतिबंधित किया जाए। मोबाइल के अत्यधिक प्रयोग से बच्चों के शारीरिक, मानसिक व नैतिक विकास पर खराब असर पड़ता है। ऐसे में उनकी रुचि मोबाइल से हटाकर अखबार व किताबों को पढ़ने में लगाने के लिए प्रयास किए जाएं।



स्कूल चलो अभियान आज से

एक से 15 अप्रैल तक बेसिक व माध्यमिक विद्यालय में स्कूल चलो अभियान शुरू होगा। इसमें ज्यादा से ज्यादा बच्चों के नामांकन, छूटे व ड्रॉप आउट बच्चों को चिह्नित कर स्कूल तक लाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। अभियान के लिए जिलों में प्रभात फेरी, रैली व नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा।



खबरों की कटिंग से स्क्रैप बुक बनाएंगे

कक्षा 6 से 8 के विद्यार्थियों को विज्ञान, पर्यावरण व खेल की खबरों की कतरनें काटकर स्क्रैप बुक बनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। छात्रों की तार्किक क्षमता बढ़ाने के लिए हफ्ते में एक दिन समाचार पत्रों में प्रकाशित सुडोकू, वर्ग पहेली व ज्ञानवर्धक क्विज को हल करने की प्रतियोगिता भी होगी। इसके लिए हर विद्यालय में पुस्तकालयों में हिंदी व अंग्रेजी के प्रतिष्ठित अखबार अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।