लखनऊ। प्रदेश में चक्रवातीय प्रणालियों और पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम का मिजाज आक्रामक बना हुआ है। अमौसी स्थित यूपी-उत्तराखंड के मौसम मुख्यालय ने अगले 24 घंटों यानी शनिवार की सुबह तक के लिए 30 जिलों में तेज आंधी-बारिश, मेघगर्जन और वज्रपात का ऑरेन्ज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा 40 जिलों के लिए यलो अलर्ट है। मौसम विभाग के मुताबिक, सबसे ज्यादा प्रभाव पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड के इलाकों में देखने को मिलेगा।
जहां हवाओं की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे से बढ़कर 80 किलोमीटर प्रति घंटे के तूफानी झोंकों में तब्दील हो सकती है। मौसम विभाग ने राज्य को तीन अलग-अलग श्रेणियों में बांटकर आंधी की रफ्तार का आकलन किया है। अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर में सबसे भीषण अंधड़ की आशंका है।
यहां हवा की रफ्तार 80 किलोमीटर तक पहुंच सकती है। बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, गाजीपुर, फर्रुखाबाद, कन्नौज और कानपुर में 70 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलने का पूर्वानुमान है। वहीं, राजधानी लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या, मेरठ, मुजफ्फरनगर, बरेली, गोरखपुर और बस्ती समेत प्रदेश के बाकी सभी जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।

