लखनऊ। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफा मांगा है। उन्होंने शनिवार को कांग्रेस मुख्यालय में बातचीत में कहा कि लगातार नीट परीक्षा में गड़बड़ियां हो रही हैं व पेपर लीक हो रहे हैं। वर्ष 2015 में भी एआईपीएमटी (वर्तमान में नीट) का पेपर लीक हो चुका है। देश में युवाओं और छात्रों के भविष्य के साथ लगातार भयावह त्रासदी के बावजूद केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने नैतिकता के आधार पर इस्तीफा नहीं दिया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि नीट पेपर लीक से पैदा हुए मानसिक तनाव के कारण देश के विभिन्न राज्यों से अब तक 12 छात्र अपनी जान गंवा चुके हैं। कांग्रेस पार्टी इसे आत्महत्या नहीं बल्कि सरकार उत्प्रेरित हत्या मानती है। दुर्भाग्यपूर्ण है कि परीक्षा के प्रश्नपत्र छपने के बाद बिचौलियों के जरिए परीक्षा से पहले बड़ी संख्या में बेचे जाते हैं। पिछले 12 वर्षों में 23 राष्ट्रीय परीक्षाओं के पेपर लीक हुए हैं यानी लगभग हर वर्ष दो पेपर लीक हुए हैं। अब तक देशभर में लगभग 90 से अधिक पेपर लीक हो चुके हैं, लेकिन दोषियों को सजा नहीं मिली।
उन्होंने कहा कि भारत की शिक्षा व्यवस्था आज सिर्फ एक वसूली तंत्र बनकर रह गया है। इसी पीड़ा को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पूरे देश में छात्रों की गूंज कार्यक्रम अभियान के माध्यम से निष्पक्ष और सस्ती-बेहतर शिक्षा प्रणाली की आवाज बनेंगे। छात्रों की गूंज अभियान पूरे देश में कांग्रेस पार्टी के अग्रिम संगठन एनएसयूआई और युवा कांग्रेस के माध्यम से चलाया जाएगा। राहुल गांधी ने कोटा से महारैली के माध्यम से इस अभियान की शुरूआत की तथा प्रयागराज, पटना और दिल्ली में वो छात्रों से संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे।
