अगर आप अपने फोन पर 5G प्लान रिचार्ज करवाते हैं तो उसका एक बड़ा फायदा आपको मिलता है। आप अपने फोन का हॉटस्पॉट ऑन कर लैपटॉप और स्मार्ट टीवी पर मुफ्त में अनलिमिटेड इंटरनेट चला सकते हैं या घर के दूसरे सदस्यों के भी फोन को इंटरनेट से कनेक्ट कर सकते हैं। हालांकि, 5G इंटरनेट यूजर्स ये फायदा अभी फिलहाल जियो (Jio) ही दे रही है। हाल ही में एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने एयरटेल के "अनलिमिटेड 5G" इंरनेट की सच्चाई से पर्दा उठा दिया है।
दरअसल, एयरटेल अपने ग्राहकों को कुछ प्लान्स में अनलिमिटेड 5G इंटरनेट देने का दावा करती है, लेकिन प्लान के टर्म्स एंड कंडिशन पर जब लोगों की नजर गई तो कुछ और ही सच्चाई सामने आई। इतना ही नहीं, यदि आप एयरटेल 5G यूज करते हैं तो हॉटस्पॉट ऑन कर दूसरे डिवाइस में इंटरनेट भी नहीं चला सकते। आखिर, एयरटेल 5G इंटरनेट यूज करने की नियम व शर्तें क्या हैं जिनके बारे में इंटरनेट में हर कोई चर्चा कर रहा है, आइए जानते हैं।
हॉटस्पॉट से नहीं चला सकते इंटरनेट
अगर आप Airtel का अनलिमिटेड 5G प्लान लेकर मोबाइल हॉटस्पॉट के जरिए लैपटॉप, टैबलेट या दूसरे डिवाइस पर इंटरनेट चलाने की सोच रहे हैं, तो यह मुमकिन नहीं है। कंपनी की शर्तों के अनुसार, अनलिमिटेड 5G डेटा को मोबाइल हॉटस्पॉट के माध्यम से दूसरे डिवाइस के साथ साझा नहीं किया जा सकता। यानी 5G डेटा का लाभ केवल उसी फोन तक सीमित रहेगा, जिसमें यह प्लान सक्रिय है।
यह मामला तब चर्चा में आया, जब कुछ एक्स यूजर्स ने Airtel 5G इंटरनेट के आधिकारिक नियमों का स्क्रीनशॉट साझा किया। इसमें साफ लिखा गया है कि अनलिमिटेड 5G डेटा को हॉटस्पॉट के जरिए साझा करने की अनुमति नहीं है और 5G डेटा केवल व्यक्तिगत उपयोग के लिए है। स्क्रीनशॉट वायरल होने के बाद कई यूजर्स ने कहा कि उन्हें इस नियम की जानकारी ही नहीं थी और ऐसी शर्तों को प्लान का प्रचार करते समय साफ-साफ बताया जाना चाहिए।
केवल 300 GB तक 5G डेटा
कुछ यूजर्स ने बताया कि एयरटेल के कुछ प्रीपेड प्लान में Unlimited 4G और 5G डेटा दिया जाता है, लेकिन 30 दिनों के भीतर 300GB तक ही डेटा इस्तेमाल किया जा सकता है। यदि कोई ग्राहक 300 GB से अधिक डेटा इस्तेमाल करता है, तो उसे व्यावसायिक उपयोग माना जाएगा। इस खुलासे के बाद कई यूजर्स ने सवाल उठाया कि जब प्लान को अनलिमिटेड बताया जा रहा है, तो डेटा सीमा क्यों तय की गई है।
