टीजीटी-पीजीटी भर्ती की मांग को लेकर तेज हुआ आंदोलन
पुरानी नियमावली से भर्ती और रिक्त पदों का ब्योरा आयोग को भेजने की मांग
प्रयागराज। युवा मंच की ओर से अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में टीजीटी-पीजीटी भर्ती को लेकर प्रतियोगी अभ्यर्थियों का आंदोलन 13 जुलाई से सिविल लाइंस स्थित पत्थर गिरजाघर पर होगा।
प्रतियोगी छात्र प्रतिनिधिमंडल के संयोजक शीतला प्रसाद ओझा ने कहा कि अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में टीजीटी व पीजीटी के करीब 23,800 रिक्त पदों का ब्योरा अभी तक शिक्षा सेवा चयन आयोग के पोर्टल पर नहीं भेजा गया है। उनका आरोप है कि शिक्षा निदेशालय की लापरवाही के कारण भर्ती का नया विज्ञापन जारी नहीं हो पाया है।
उन्होंने मांग की कि अगस्त के प्रथम सप्ताह तक टीजीटी, पीजीटी, सहायक प्रोफेसर, प्रधानाचार्य व प्रधानाध्यापक के पदों का विज्ञापन जारी किया जाए।
मीडिया प्रभारी विशाल सिंह ने कहा कि अधिकारियों की उदासीनता के कारण प्रतियोगियों को आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी कि यदि 10 दिन के भीतर रिक्त पदों का डाटा आयोग को नहीं भेजा गया तो लखनऊ में माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी और उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय के आवास का घेराव किया जाएगा।
युवा मंच के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह ने कहा कि आंदोलन पूरी तरह लोकतांत्रिक और संवैधानिक दायरे में संचालित किया जाएगा।

