23 August 2026

रसोइयों के लिए CM योगी का बड़ा ऐलान, मानदेय ₹2,000 से बढ़ाकर ₹3,000, साथ में उनके लिए यह भी हुई महत्वपूर्ण घोषणाएं

 

रसोइयों के लिए CM योगी का बड़ा ऐलान, मानदेय ₹2,000 से बढ़ाकर ₹3,000

लखनऊ, 23 अगस्त 2026: रक्षाबंधन से ठीक पहले उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश के 3 लाख 53 हजार से अधिक रसोइयों के लिए चार बड़ी सौगातों की घोषणा की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रसोइयों के मानदेय में बढ़ोतरी के साथ आर्थिक सहायता, कैशलेस चिकित्सा और ड्रेस के लिए मिलने वाली राशि बढ़ाने का ऐलान किया।

मानदेय ₹2,000 से बढ़कर ₹3,000

सरकार ने रसोइयों के मानदेय में ₹1,000 की बढ़ोतरी करते हुए इसे ₹2,000 से बढ़ाकर ₹3,000 कर दिया है। इससे प्रदेश के 3.53 लाख से अधिक रसोइयों को सीधे लाभ मिलेगा।

दुर्घटना की स्थिति में ₹2 लाख की आर्थिक सहायता

किसी दुर्घटना की स्थिति में रसोइये के परिवार को स्टेट बैंक के माध्यम से ₹2 लाख की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

₹5 लाख तक कैशलेस चिकित्सा सुविधा

रसोइयों और उनके परिवार को ₹5 लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ मिलेगा। इससे गंभीर बीमारी या इलाज के दौरान परिवार पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ को कम करने में मदद मिलेगी।

ड्रेस के लिए राशि भी बढ़ी

रसोइयों को ड्रेस के लिए मिलने वाली राशि को भी ₹500 से बढ़ाकर ₹1,000 कर दिया गया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ये घोषणाएं 23 अगस्त 2026 को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित रसोइयों के लिए कैशलेस चिकित्सा वितरण कार्यक्रम के दौरान कीं। सरकार के इन फैसलों से प्रदेश के लाखों रसोइयों और उनके परिवारों को आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी सुरक्षा मिलने की उम्मीद है।