23 August 2026

रक्षाबंधन पर महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा, 27 अगस्त की रात से 28 अगस्त तक मिलेगा लाभ

 

रक्षाबंधन पर महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा, 27 अगस्त की रात से 28 अगस्त तक मिलेगा लाभ

लखनऊ। रक्षाबंधन के पर्व पर महिलाओं को रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। राज्य सरकार ने महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।

27 अगस्त की रात से मुफ्त सफर

निर्देश के अनुसार 27 अगस्त की रात से 28 अगस्त की रात तक महिला यात्री रोडवेज बसों में एक सहयोगी के साथ मुफ्त सफर कर सकेंगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों के साथ बैठक में इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन पर बहनों को घर आने-जाने में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए परिवहन, पुलिस और प्रशासन को मिलकर पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।

बस चालकों की होगी जांच

मुख्यमंत्री ने बस चालकों की जांच और निगरानी के भी निर्देश दिए हैं। नशे में रहने वाले किसी भी चालक को बस चलाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।


निजी बसों के चालकों का सत्यापन कराने के साथ ही ऑटो और टैक्सी चालकों की भी जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि त्योहार के दौरान यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

महिलाओं की यात्रा को लेकर विशेष व्यवस्था

रक्षाबंधन पर बड़ी संख्या में महिलाओं के यात्रा करने की संभावना को देखते हुए रोडवेज बसों की उपलब्धता और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। प्रशासन और पुलिस को परिवहन विभाग के साथ समन्वय बनाकर व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

सरकार की इस व्यवस्था से रक्षाबंधन पर महिलाओं को घर आने-जाने में राहत मिलने की उम्मीद है।