23 August 2026

नकाब पहनाकर छात्राओं से अश्लील गाने पर कराया नृत्य, स्कूल प्रबंधन पर कार्रवाई

 

नकाब पहनाकर छात्राओं से अश्लील गाने पर कराया नृत्य, स्कूल प्रबंधन पर कार्रवाई

जासं, गोंडा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति कार्यक्रम के बजाय छात्राओं को नकाब पहनाकर अश्लील भोजपुरी गाने पर नृत्य कराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। मामला नालेज बीम एकेडमी से जुड़ा बताया गया है।

बिना मान्यता के चल रहा था स्कूल

वीडियो वायरल होने के बाद अधिकारियों ने मामले की जांच कराई। जांच में स्कूल बिना मान्यता के संचालित पाया गया। खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) रियाज अहमद ने खोंडारे थाने में स्कूल प्रबंधक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

बताया गया कि 15 अगस्त के समारोह के दौरान छात्राओं के नृत्य का वीडियो प्रसारित हुआ था। वीडियो में छात्राएं नकाब पहनकर भोजपुरी गाने पर नृत्य करती दिखाई दे रही थीं। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने आपत्ति जताई और शिक्षा विभाग से कार्रवाई की मांग की।

एक सप्ताह पहले ही स्कूल बंद करने का था निर्देश

जांच में यह भी सामने आया कि शिक्षा विभाग की ओर से स्कूल प्रबंधन को एक सप्ताह पहले ही विद्यालय बंद करने का निर्देश दिया जा चुका था। इसके बावजूद स्कूल का संचालन जारी रखा गया।

कार्रवाई के तहत बीईओ ने स्कूल के प्रबंधक कार्यालय, प्रधानाचार्य कार्यालय और मुख्य गेट पर ताला लगाकर परिसर सील कर दिया। साथ ही विद्यार्थियों को नजदीकी परिषदीय और मान्यता प्राप्त विद्यालयों में नामांकन कराने के निर्देश दिए गए।


प्रबंधक पर मुकदमा दर्ज

बीईओ रियाज अहमद ने बताया कि प्रबंधक आरएस मौर्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। हालांकि एफआईआर में पदनाम और नाम अज्ञात दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

बीएसए अमित सिंह ने विद्यालय सील किए जाने और प्रबंधक पर प्राथमिकी दर्ज होने की पुष्टि की है।

शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना मान्यता विद्यालय संचालित करने और नियमों के विपरीत कार्यक्रम आयोजित करने पर संबंधित प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।