लखनऊ,। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने केंद्रीय निर्वाचन आयोग के निर्देशों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) एवं वीवीपैट की फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) प्रक्रिया को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी व तय मानकों के अनुसार करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा है कि जिलों में एफएलसी प्रक्रिया के प्रत्येक चरण की जानकारी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को देकर उनके संज्ञान में लेकर कराई जाएगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि एफएलसी प्रक्रिया को सुचारु एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारियों, उप जिला निर्वाचन अधिकारियों/एफएलसी सुपरवाइजरों की एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं। प्रशिक्षण के माध्यम से अधिकारियों को एफएलसी से संबंधित तकनीकी एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी भी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि सोमवार को डा. लोहिया प्रशिक्षण एवं प्रबंध अकादमी लखनऊ में आयोजित होने वाली प्रशिक्षण कार्यशाला में 33 जिलों के निर्वाचन अधिकारी, एफएलसी सुपरवाइजर शिरकत करेंगे। इसके पूर्व गौतमबुद्धनगर में आयोजित प्रशिक्षण में 21 जिले तथा वाराणसी में आयोजित प्रशिक्षण में भी प्रशिक्षण पा चुके हैं।

