खंड शिक्षा अधिकारियों के तबादले की अफवाह
लखनऊ। बीच सत्र में खंड शिक्षा अधिकारियों के स्थानांतरण की अफवाहों ने विभाग में बेचैनी बढ़ा दी है। उत्तर प्रदेशीय विद्यालय निरीक्षक संघ ने बेसिक शिक्षा मंत्री को पत्र भेजकर ऐसी खबरों की जांच कराने और मध्य सत्र में स्थानांतरण नहीं किए जाने के संबंध में बेसिक शिक्षा निदेशालय को निर्देश देने की मांग की है। संघ के प्रदेश अध्यक्ष प्रेमेन्द्र कुमार शुक्ल ने पत्र में इस समस्या को उठाया है।
में कहा कि वार्षिक स्थानांतरण नीति के तहत विभिन्न विभागों में कार्यरत कार्मिकों के स्थानांतरण के निर्देश जारी हुए थे। बेसिक शिक्षा विभाग में समूह क और ख के कार्मिकों के स्थानांतरण भी किए जा चुके हैं। इसके बावजूद खंड शिक्षा अधिकारियों के स्थानांतरण को लेकर भ्रामक खबरें प्रचारित की जा रही हैं। स्थानांतरण की खबरों से खंड शिक्षा अधिकारियों में असमंजस की स्थिति है। इससे उनके कार्यालय में काम करने की प्रवृत्ति पर नकारात्मक असर पड़ रहा है। पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि कुछ लोग कार्यस्थल से दूर स्थानांतरण का झांसा देकर भयादोहन का प्रयास कर रहे हैं।
मंत्री से जांच कराकर रोक लगाने की मांग
संघ ने कहा कि निर्धारित समय से कम अवधि तक ठहराव वाले जिलो व मंडलों से अनियमित स्थानांतरण की खबरें भी प्रसारित हो रही हैं। इससे सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति प्रभावित होने की बात कही गई है। संघ ने बेसिक शिक्षा मंत्री से भ्रामक खबरों की जांच कराकर मध्य सत्र में स्थानांतरण नहीं करने के संबंध में निदेशालय को निर्देश देने का अनुरोध किया है, ताकि खंड शिक्षा अधिकारी बिना स्थानांतरण के भय के विभागीय कार्यों का निष्पादन कर सकें।

