लखनऊ। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष जेएन तिवारी ने रविवार को राजधानी में संयुक्त परिषद के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें उन्होंने नवंबर में प्रस्तावित आंदोलन को सफल बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को मंडल एवं जिला स्तर के कार्यक्रमों को पूरी तैयारी के साथ करने, शासन को कर्मचारियों की मांगों का ज्ञापन भेजने और सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचार प्रसार करने को भी कहा।
20 नवंबर को डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन जारी किया पोस्टर
बैठक में केंद्रीय कार्यकारिणी ने आंदोलन से संबंधित पोस्टर भी जारी किया। सभी जिला शाखाएं एवं संबद्ध संगठन केंद्रीय नेतृत्व द्वारा जारी किए गए पोस्टर के अनुरूप पोस्टर प्रिंट करा जिले के कर्मचारियों को जागरूक करेंगे तथा शासन-प्रशासन को सोशल मीडिया के जरिये अवगत कराएंगे। उन्होंने बताया कि 20 नवंबर को जिला स्तर पर डीएम कार्यालय, 16 दिसंबर को मंडलायुक्त कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन कर मांगों का ज्ञापन मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव को भेजा जाएगा। 20 जनवरी को विधानसभा मार्च एवं प्रदर्शन होगा, जिसमें सभी जिलों के एक लाख से भी अधिक कर्मचारी हिस्सा लेंगे।
उन्होंने कहा कि परिषद के दर्जनों पत्रों का कोई संज्ञान नहीं लिया जा रहा है तथा कर्मचारियों की समस्याओं के निस्तारण में उदासीनता बरती जा रही है। इससे सभी विभागों एवं वर्गों के कर्मचारियों में सरकार के प्रति गुस्सा है। ऑनलाइन बैठक में त्रिलोकी नाथ चौरसिया, नारायण जी दुबे, ओमप्रकाश गौड़, ओमप्रकाश पांडे, निरंजन कुमार श्रीवास्तव, रामेश्वर पांडे, बृजभूषण मिश्रा समेत कई पदाधिकारी शामिल हुए।
.jpeg)
