24 October 2026

एक्सप्रेसवे पर वाहनों की गति सीमा तय, नई समय सारिणी में वाहनों के लिए दो टाइम स्लैब तय

लखनऊ,  सर्दी के मौसम में कोहरे और शीतलहर के कारण होने वाले सड़क हादसे रोकने के लिए उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) अपने सभी एक्सप्रेसवे पर वाहनों की गति सीमा कम करने जा रहा है। यह व्यवस्था एक नवंबर से 15 फरवरी तक लागू रहेगी। दिन और रात में वाहनों की गति अलग-अलग होगी। नई समय सारिणी को औद्योगिक विकास आयुक्त दीपक कुमार ने मंजूरी दी है। ऐसा दुर्घटनाएं कम हों इस मद्देनज़र पहली बार किया जा रहा है।


ये भी पढ़ें - उत्तर प्रदेश में परिषदीय बेसिक शिक्षकों की पदोन्नतिः आखिर कब खत्म होगा इंतज़ार ?

ये भी पढ़ें - आंगनबाड़ी केंद्र के भवन निर्माण के लिए नहीं मिल रही जमीन, दो साल से अटका काम

यूपीडा के एसीईओ हरि प्रताप शाही के मुताबिक यह गति सीमा लखनऊ-आगरा, पूर्वांचल, बुंदेलखंड, गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे तथा गंगा एक्सप्रेसवे पर लागू रहेगी।

स्पीड की निगरानी होगी: एडवांस ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम से शीतकालीन गति सीमा की निगरानी की जाएगी। तय सीमा से अधिक स्पीड से चलने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ट्रैफिक नियमों के तहत कार्रवाई की जा जाएगी। सभी टोल प्लाजा पर पीए सिस्टम से गति सीमा के प्रति सचेत किया जाएगा। यूपीडा की पेट्रोलिंग टीमें लगातार सक्रिय रहेंगी।

रात में कार 60 की गति से चलेंगी

15 नवंबर से 15 फरवरी के बीच कार की अधिकतम स्पीड दिन में 80, रात में 60 किमी प्रतिघंटा, सवारी बसों की गति दिन में 60 किमी तथा रात में 50 किमी प्रतिघंटा होगी। मालवाहक ट्रक, डंपर आदि की गति सीमा दिन में 50 किमी तथा रात में 40 किमी प्रतिघंटा होगी।


नई समय सारिणी में वाहनों के लिए दो टाइम स्लैब तय

नई समयसारिणी के मुताबिक सुबह 8 से रात 8 बजे और रात 8 से सुबह 8 बजे तक के लिए दो टाइम स्लैब तय किए गए हैं। अभी कार, बस तथा मालवाहक ट्रक की गति क्रमश: 120, 100 तथा 80 किमी प्रतिघंटा निर्धारित है। एक से 15 नवंबर के बीच कार की दिन में अधिकतम स्पीड 100 किमी प्रतिघंटा तथा रात में 80 होगी। सवारी बसों की गति सीमा दिन में 80 किमी प्रति घंटा तथा रात में 60 किमी प्रतिघंटा होगी। मालवाहक ट्रक, डंपर, ट्रेलर आदि की गति दिन में 60 किमी तथा रात में 50 किमी प्रतिघंटा होगी।