UpdateMarts
Follow Channel

04 March 2022

शिक्षण कार्य में लापरवाही पर सात शिक्षकों का वेतन काटा, पढ़े पूरी खबर


मैनपुरी। बीएसए कमल सिंह ने बुधवार को जागीर और करहल विकास खंड के तीन स्कूलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दो स्कूलों में शिक्षक-शिक्षिकाएं शिक्षण कार्य में रुचि लेते नहीं पाए गए बीएसए ने सभी का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश जारी किए।
बीएसए कमल सिंह बुधवार को सुबह 9:30 बजे जागीर विकास खंड के उच्च प्राथमिक विद्यालय परिगवां पहुंचे। यहां निरीक्षण के समय शिक्षिका कमलेश कुमारी, विमला देवी अनुदेशक सुमन उपस्थित थे, लेकिन शिक्षण कार्य

की बजाय एक जगह बैठे बातें करते मिले। छात्र उपस्थिति रजिस्टर भी तैयार नहीं किया गया था। इस पर बीएसए ने नो वर्क नो पे के तहत उनका एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।




 यहां से बीएसए 10:20 बजे करहल विकास खंड के कंपोजिट विद्यालय उदना डांडा पहुंचे, यहां निरीक्षण के समय प्रधानाध्यापक संध्या शाक्य, सहायक अध्यापक शशीकांत अनुपस्थित थे। प्रतीक कुमार और कमल पांडेय मैदान में खड़े बातें कर रहे थे।बीएसए कक्षा कक्ष में पहुंचे तो यहां बच्चों को कोई कार्य नहीं दिया गया था। बीएसए ने अनुपस्थित प्रधानाध्यापक और सहायक अध्यापक के साथ हो कार्य न करने वाले सभी शिक्षकों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। यहां से बीएसए करहल विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय कुरसारा पहुंचे, यहां निरीक्षण के दौरान शिक्षामित्र धनपाल सिंह अनुपस्थित मिले। बीएसए ने अनुपस्थित शिक्षामित्र का एक दिन का मानदेय काटने के निर्देश दिए। यहां के बच्चों को 10:30 बजे तक दूध नहीं दिय गया था। इस पर प्रधानाध्यापिका मोहिनी यादव को चेतावनी जारी की।