UpdateMarts•Com
Follow Channel

22 May 2023

शिक्षा सेवा आयोग के गठन व मुख्यालय पर असमंजस, आंदोलन की तैयारी


प्रयागराज : बेसिक से लेकर उच्च व तकनीकी शिक्षण संस्थानों की शिक्षक भर्तियां ठप होने से प्रतियोगियों में नाराजगी है। एडेड माध्यमिक विद्यालयों व एडेड महाविद्यालयों में शिक्षक भर्ती के लिए आवेदन लिए जाने के बावजूद परीक्षा नहीं कराई गई।


शिक्षक भर्ती के लिए मुख्यमंत्री ने राज्य शिक्षा सेवा चयन आयोग गठित करने का निर्देश दिया है, लेकिन नए आयोग की गठन प्रक्रिया में देरी से उन प्रतियोगियों के हाथ से अवसर निकलता जा रहा है, जो ओवरएज के करीब हैं। ऐसे में प्रतियोगी छात्र प्रतिनिधिमंडल ने कहा है कि अगर आयोग जल्द गठित कर मुख्यालय प्रयागराज में नहीं बनाया गया तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा। एडेड
माध्यमिक विद्यालय में प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) एवं प्रवक्ता संवर्ग (पीजीटी) के 4163 पदों के लिए माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड ने करीब 10 महीने पहले आवेदन लिया था।


इसके लिए 12 लाख से अधिक प्रतियोगियों ने आवेदन किया और उसके बाद से भर्ती परीक्षा तिथि की प्रतीक्षा कर रहे हैं, लेकिन चयन बोर्ड में सदस्य एवं चेयरमैन का पद रिक्त होने से चयन प्रक्रिया ठप है। यही स्थिति उत्तर प्रदेश उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग की है। प्रतियोगी छात्र प्रतिनिधिमंडल के शीतला प्रसाद ओझा ने मांग की है कि आयोग का गठन जल्द कर उसका मुख्यालय प्रयागराज में बनाकर भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाए, अन्यथा आंदोलन शुरू किया जाएगा।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more