दो दिन बाद झूम कर बरसेंगे बादल, एक बाद फिर बदलेगा मौसम


एक बाद फिर बदलेगा मौसम
● मानसूनी हवाएं मध्य यूपी से मध्य प्रदेश की ओर जा रहीं

● छिटपुट बारिश के बीच बादलों की लुकाछिपी चलती रहेगी

● सामान्य से तीन डिग्री कम रहा अधिकतम तापमान

लखनऊ,। मानसूनी हवाएं मध्य यूपी से खिसक कर मध्य प्रदेश की ओर जा रही हैं। ऐसे में अगले दो दिन छिटपुट बारिश ही होगी। मौसम विभाग के अनुसार इसके बाद फिर भारी बारिश की संभावना है। वहीं बीते 24 घंटों में 18.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। बुधवार को सुबह से शाम तक 13.5 मिलीमीटर बारिश हुई।

अमौसी स्थित मौसम केन्द्र के अनुसार लखनऊ- प्रयागराज के पास से गुजर मानसूनी रेखा ने रुख बदला है। अब यह छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश होते हुए राजस्थान के बीकानेर, चुरु के ऊपर से गुजर रही है।


मौसम केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार दूसरी ओर एक और दबाव का क्षेत्र बन रहा है। मध्य यूपी के ऊपर तैयार हो रही चक्रवाती परिसंचरण का असर आने वाले 48 घंटों के दौरान देखने को मिलेगा। उसके पहले पूर्वी उत्तर प्रदेश और मध्य यानी लखनऊ के आसपास बारिश का सिलसिला कम हो जाएगा। जब दूसरा सिस्टम सक्रिय होगा तो फिर बारिश होगी। वहीं, राजधानी का अधिकतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस रहा।