हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

15 February 2024

बेसिक स्कूलों में आज से ऑनलाइन हाजिरी


पडरौना : कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय व परिषदीय स्कूलों में अब आनलाइन हाजिरी होगी। डीजी स्कूल शिक्षा ने प्रदेश भर के बीएसए को पत्र भेजकर 15 फरवरी से इसे अनिवार्य रूप से लागू कराने के निर्देश दिए हैं। इसे लेकर यहां तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। नई इस व्यवस्था में अब कितने बच्चे स्कूल आए और कितने अनुपस्थित रहे इसका सही पता चल सकेगा। वहीं कितने बच्चे, मध्यान्ह भोजन खा रहे हैं इसकी भी सही जानकारी मिले सकेगी। अब तक बच्चों की आफ लाइन हाजिरी की व्यवस्था थी। बच्चों का ब्योरा सुबह नौ से 10 बजे तक प्रधानाध्यापक को भेजना होगा।

आनलाइन हाजिरी के लिए प्रत्येक विद्यालयों में स्मार्ट फोन व टैबलेट दिए गए हैं। जिससे शिक्षकों के साथ बच्चों की उपस्थिति आनलाइन दर्ज हो सके। विभाग के अनुसार परिषदीय प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, कंपोजिट विद्यालय तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में छात्र- छात्राओं की उपस्थिति पंजिका, मध्यान्ह भोजन पंजिका का डिजिटल रूप में ही अब मान्य होगा। इस तरह दैनिक उपस्थिति भी अब इसी माध्यम से दर्ज करना अनिवार्य होगा।

विद्यालयों में बच्चों की प्रवेश पंजिका के साथ शिक्षण कार्य से जुड़े अन्य सभी 12 कार्यों की इंट्री भी डिजिटल माध्यम से ही होगी।

इसमें बच्चों की उपस्थिति, पंजीकरण, मध्यान्ह भोजन, समेकित निश्शुल्क सामग्री वितरण, स्टाक, आय-व्यय, स्कूल 'बजट, बैठक, निरीक्षण बाल गणना, पत्र व्यवहार व पुस्तकालय तथा खेलकूद की पंजिका शामिल है। जनपद में 2464 विद्यालय हैं। इनमें दो लाख 97 हजार बच्चों का नामांकन है।



परिषदीय स्कूलों में गुरुवार से आनलाइन हाजिरी होगी। इसे लेकर स्कूलों में स्मार्ट फोन व टैबलेट दिए गए हैं। प्रधानाध्यापकों को इसके अनुपालन के निर्देश दे दिए गए हैं। इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

-डा. रामजियावन मौर्य, बीएसए

कुशीनगर

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more