हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

13 April 2024

मौसम विभाग का अलर्ट : दो दिन आंधी-पानी, ओलावृष्टि के आसार


लखनऊ। पश्चिमी विक्षोभ की

सक्रियता का असर प्रदेश के कई इलाकों में नजर आ रहा है। कानपुर, चुर्क, गाजीपुर, सुल्तानपुर समेत आसपास के इलाकों में शुक्रवार को बूंदाबांदी भी हुई। वहीं लखनऊ में दोपहर बाद अचानक बादलों ने डेरा डाला और तेज हवाएं चलने लगीं। मौसम विभाग ने भी 13 और 14 अप्रैल के लिए प्रदेश के कई इलाकों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। आंधी-पानी, बिजली गिरने और ओलावृष्टि के भी आसार जताए हैं।


आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, अगले दो दिन प्रदेश के कई इलाकों में बूंदाबांदी होने के आसार हैं। साथ ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चल सकती हैं।


अयोध्या में दिन का तापमान 40 डिग्री पहुंचा

धूप का तीखापन व पारे की तेजी बरकरार है। शुक्रवार को अयोध्या में पारा 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। यहां एक डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। जबकि प्रयागराज में पारा 40 से नीचे आकर 39 डिग्री दर्ज हुआ। वहीं प्रदेश में ज्यादातर इलाकों में सामान्य से ऊपर बना हुआ है। वहीं रात का तापमान भी 17 से 24.8 डिग्री के आसपास रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग के मुताबिक, पारे में 3 से 5 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।


इन इलाकों में यलो अलर्ट

अलीगढ़, बदायूं, बागपत, बुलंदशहर, इटावा, गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, हापुड़, जालौन, हाथरस, झांसी, ललितपुर, महोबा, मथुरा, मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, संभल, शामली व आसपास के इलाकों में तेज हवा, मेघ गर्जन व वज्रपात की संभावना है। आगरा, अमरोहा, बरेली, बिजनौर, एटा, फिरोजाबाद, कासगंज, मुरादाबाद, पीलीभीत, रामपुर व आसपास बिजली गिरने के आसार हैं।

कल यहां ओलावृष्टि के भी आसार हैं: आगरा, अलीगढ़, औरैया, बागपत, बिजनौर, बुलंदशहर, एटा, इटावा, फिरोजाबाद, गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, हापुड़, हाथरस, जालौन, झांसी, कासगंज, ललितपुर, मैनपुरी, मथुरा, मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, शामली व आसपास के इलाके में ओलावृष्टि के आसार हैं।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more