UpdateMarts
Follow Channel

31 August 2024

सिपाही भर्ती : दो सॉल्वर समेत 22 गिरफ्तार,94 संदिग्ध धरे

 उत्तर प्रदेश पुलिस की सिपाही भर्ती परीक्षा के चौथे दिन शुक्रवार को भी परीक्षा में सेध लगाने की कोशिश की गई। इस दौरान एटा और जौनपुर में दो सॉल्वर समेत 22 अभ्यर्थी गड़बड़ी के मामले में गिरफ्तार किए गए हैं। इनमें मेरठ में पांच, सहारनपुर के चार और कानपुर के तीन अभ्यर्थी शामिल हैं। इनके अलावा 94 अभ्यर्थी संदिग्ध मिले। इनके दस्तावेजों का परीक्षण कराया जा रहा है। 20 एफआईआर दर्ज की गई है। दोनों पालियों में छह लाख 91 हजार 936 अभ्यर्थी शामिल हुए।



28 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने छोड़ी परीक्षा: पुलिस भर्ती बोर्ड के अध्यक्ष राजीव कृष्ण के मुताबिक शुक्रवार को दो लाख 71 हजार 677 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। पहली पाली में तीन लाख 44 हजार 590 और दूसरी पाली में तीन लाख 47 हजार 346 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। कुछ जगह पर उम्र में बदलाव कर परीक्षा देने के भी मामले सामने आए हैं। 


उम्र कम करने के लिये दो बार हाईस्कूल परीक्षा दी

डीजीपी प्रशांत कुमार ने बताया कि सहारनपुर के सदर बाजार व कुतुबशेर में चार अभ्यर्थियों ने अपनी उम्र कम कराने के लिए हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा दो बार देकर फर्जी दस्तावेज तैयार किए। इन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। इन आरोपितों में राजस्थान निवासी जितेन्द्र सिंह, बागपत का प्रभात तोमर, मेरठ का प्रशांत कुमार, बुलन्दशहर का सतीश शामिल है। फतेहपुर के मलवां में औरैया निवासी ऋषि कुमार को दो अलग-अलग आधार में अलग-अलग जन्मतिथि होने पर पकड़ा गया।


दरोगा भर्ती में एक और आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार

लखनऊ। यूपी पुलिस की सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा 2020-2021 में सेन्टर के आईटी कर्मचारियों से मिलीभगत कर अभ्यर्थियों को पास कराने वाले गिरोह के एक और सदस्य को एसटीएफ ने नई दिल्ली में शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। उस पर 25 हजार रुपये इनाम घोषित किया गया था।