UpdateMarts
Follow Channel

12 September 2024

आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को बाल मनोविज्ञान पढ़ाएगा मुक्त विवि


प्रयागराज। उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय में अब आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को बाल मनोविज्ञान पढ़ाया जाएगा। जब आंगनबाड़ी कार्यकत्री बच्चों के मनोविज्ञान को समझेंगी, तभी बच्चों का सही दिशा में मानसिक एवं सामाजिक विकास होगा। उन्होंने मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सत्यकाम को निर्देश दिया कि इस बारे में एक माह में रिपोर्ट तैयार कर राजभवन को दें। इसके लिए आंगनबाड़ी कर्मचारियों के साथ बैठक कर विमर्श भी करें। यह बातें बुधवार को मुक्त विश्वविद्यालय के 19वें दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता करते हुए राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदी बेन पटेल ने कही।



कुलाधिपति ने कहा कि प्रदेश में एक लाख 82 हजार आंगनबाड़ी केंद्र हैं और इनसे तीन लाख से अधिक महिलाएं जुड़ी हुई हैं। अगर वह पढ़ाई के लिए पंजीकरण कराएंगी तो मुक्त विवि की नामांकन संख्या में इजाफा होगा। दीक्षांत समारोह में आजमगढ़ क्षेत्रीय अध्ययन केंद्र की बीएससी छात्रा आरती यादव को कुलाधिपति समेत तीन मेडल प्रदान किए गए। आरती ने बीएससी की परीक्षा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की तथा समस्त विद्याशाखाओं की स्नातक एवं स्नातकोत्तर परीक्षाओं में सर्वश्रेष्ठ रहीं। समारोह में 26 मेडल और 31,940 विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान की गईं। यूजी और पीजी में सात-सात तथा 11 दानदाता गोल्ड मेडल से मेधावियों को नवाजा गया। इस अवसर पर राज्यपाल ने एकलव्य एप और बैंक के भवन का लोकार्पण भी किया।