03 April 2025

125 कस्तूरबा विद्यालय हुए उच्चीकृत, 12500 छात्राओं को मिलेगा प्रवेश, कक्षा नौ में लिया जाएगा दाखिला

 

लखनऊ। प्रदेश के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों (केजीबीवी) को 12वीं कक्षा तक उच्चीकृत करने की प्रक्रिया चल रही है। इसके तहत नए सत्र 2025-26 में 125 और केजीबीवी उच्चीकृत होकर तैयार हो गई हैं। नए सत्र में यहां पर कक्षा नौ में प्रवेश शुरू होगा। प्रति कस्तूरबा 100 के हिसाब से प्रदेश भर में कुल 12500 छात्राओं को कक्षा नौ में प्रवेश दिलाया जाएगा।


प्रदेश में कुल 746 केजीबीवी हैं। केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश सरकार इन सभी कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों को उच्चीकृत कर यहां पर नौ से 12वीं कक्षा की भी पढ़ाई कराने की प्रक्रिया चला रही है।


वर्तमान में यहां कक्षा एक से आठ तक की पढ़ाई होती है। वर्तमान सत्र 2024-25 में 263 कस्तूरबा उच्चीकृत की गई हैं। जबकि नए सत्र 2025-26 में 125 और केजीबीवी उच्चीकृत हो गई हैं।


इस तरह कुल 388 कस्तूरबा उच्चीकृत हो चुकी हैं। उच्चीकृत हुई कस्तूरबा में एकेडमिक ब्लॉक के साथ-साथ मैथ्स व साइंस की लैब, 100 की क्षमता के छात्रावास का निर्माण कराया गया है। इसके लिए 60 फीसदी बजट केंद्र व 40 फीसदी प्रदेश सरकार ने दिया है। यहां आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की बेटियों को शिक्षा के बेहतर अवसर

मिलेंगे। वहीं पहले से उच्चीकृत हो चुकी केजीबीवी की छात्राएं इस साल पहली बार बोर्ड (10वीं) परीक्षा में भी शामिल होंगी।


समग्र शिक्षा के उप निदेशक डॉ. मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि इसी साल हम बची हुई अन्य कस्तूरबा को भी उच्चीकृत कर लेंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्रालय ने अपनी नीतियों में थोड़ा बदलाव किया है। अब वह सिर्फ हॉस्टल बनाने का पैसा दे रहे हैं। जरूरत पड़ने पर हम अपने बजट से एकेडमिक ब्लॉक का निर्माण कराएंगे। उन्होंने बताया कि जहां पर केजीबीवी के आस-पास जीजीआईसी या एडेड माध्यमिक विद्यालय हैं। हम छात्राओं का प्रवेश वहां कराकर, उन्हें आवासीय सुविधा उपलब्ध कराएंगे।


Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more