UpdateMarts•Com
Follow Channel

17 April 2025

शिक्षक समेत तीन के खिलाफ केस, फर्जी प्रमाण पत्र के माध्यम से वर्षों से नौकरी की

  बाल कल्याण केंद्र पूर्व माध्यमिक विद्यालय दारागंज के सहायक अध्यापक अरुण कुमार मिश्रा सहित प्रबंधक पंकज पांडेय व उपप्रबंधक प्रमोद शुक्ला के खिलाफ दारागंज थाने में नामजद एफआईआर दर्ज की गई है। आरोप है कि प्रबंधक व उपप्रबंधक की मिलीभगत से सहायक अध्यापक फर्जी प्रमाण पत्र के माध्यम से वर्षों से नौकरी कर रहे हैं। वहीं, शिकायतकर्ता हाईकोर्ट के अधिवक्ता सुनील कुमार श्रीवास्तव और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई है। पुलिस नामजद मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें - पदोन्नति, अवकाश नगदीकरण, चिकित्सा सुविधा पर निर्णय नहीं तो होगा आंदोलन

ये भी पढ़ें - बड़ी परीक्षाओं के लिए चुनौती बन रही केंद्र निर्धारण नीति, टीजीटी-पीजीटी परीक्षा के लिए दो हजार से अधिक केंद्रों की पड़ेगी जरूरत


अधिवक्ता सुनील श्रीवास्तव के तहरीर के अनुसार, बेसिक शिक्षा विभाग से अनुदानित व नेहरू बाल मंडल रजिस्टर्ड सोसायटी प्रयागराज द्वारा संचालित संस्थान बाल कल्याण केंद्र पूर्व माध्यमिक विद्यालय दारागंज में कार्यरत सहायक अध्यापक अरुण कुमार मिश्रा कूटरचित प्रपत्रों के आधार पर वर्ष 1983 से निरंतर सेवा लाभ लेकर शासकीय धन के दुरुपयोग कर रहे हैं। बीएसए कार्यालय वर्ष 2023 में प्रबंधक को अरुण कुमार मिश्रा के विरुद्ध जांच कर कार्रवाई करने का पत्र भेजा गया, लेकिन प्रबंधक व उपप्रबंधक ने साठगांठ कर कोई कार्रवाई नहीं की गई। खुद को फंसता देख सहायक अध्यापक अरुण कुमार मिश्रा ने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति स्कीम (वीआरएस) के तहत बीएसए कार्यालाय के समक्ष प्रार्थना पत्र प्रेषित कर दिया।

बीएसए ने फर्जीवाड़े की शिकायत लंबित होने के कारण वीआरएस स्वीकार नहीं किया। आरोप है कि सहायक अध्यापक व प्रबंधक ने अधिवक्ता सुनील श्रीवास्तव को शिकायत वापस नहीं लेने पर परिवार सहित जान से मारने की तक की धमकी दी है। थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर नामजद मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more