UpdateMarts
Follow Channel

17 April 2025

अब डेस्क-बेंच पर पढ़ाई कर सकेंगे को-लोकेटेड केंद्रों के बच्चे

 प्रतापगढ़ जिले के को-लोकेटेड केंद्रों और पीएमश्री विद्यालयों के बच्चे बेंच पर बैठकर पढ़ाई कर सकेंगे। इसके लिए प्रति विद्यालय 25 हजार रुपये की दर से करीब 91 लाख रुपये बेसिक शिक्षा विभाग को मिल चुके हैं।



प्राथमिक शिक्षा में गुणात्मक सुधार लाने के साथ ही विद्यालयों की सूरत संवारने और उनमें सुविधाओं के विस्तार

की कवायद की जा रही है। इस क्रम में विद्यालयों में बच्चों को बैठने के लिए फर्नीचर की व्यवस्था की जा रही है। प्राथमिक विद्यालय परिसर में स्थित 362 को-लोकेटेड केंद्रों (प्राइमरी स्कूल में चलने वाले आंगनवाड़ी केंद्र) एवं पीएमश्री विद्यालयों में बच्चों को बाल मैत्री फर्नीचर की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसमें प्रति केंद्र पांच बाल मैत्री फर्नीचर की खरीद की जानी है।


महानिदेशक स्कूल शिक्षा के निर्देश पर टेंडर प्रक्रिया शुरू की जा रही है। 28 मार्च 2025 को जारी निर्देश में कहा गया है कि निविदा समिति जरूरत के अनुसार सामग्री के मानकों एवं गुणवत्ता का सत्यापन किसी भी विशेषज्ञ संस्था से करा सकती है। हर केंद्र को 25 हजार की दर से पांच फर्नीचर खरीदने के लिए जिले को करीब 91 लाख की धनराशि उपलब्ध कराई गई है।


प्राइमरी स्कूलों में चलने वाले आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों को बाल मैत्री फर्नीचर की सुविधा दी जाएगी। इसके लिए शासन ने निर्देश दिया है कि निविदा में निविदादाताओं को तकनीकी निविदा अपलोड करते समय राजकीय इंजीनियरिंग कालेजों, पालीटेक्निक या आइटीआई के विशेषज्ञों से सैंपल टेस्ट रिपोर्ट अपलोड करना जरूरी होगा।

- भूपेंद्र सिंह, वीएसए