UpdateMarts•Com
Follow Channel

04 June 2025

अभ्यर्थी अड़े, अध्यक्ष ने शिक्षक भर्ती के लिए मांगा वक्त: शिक्षा सेवा चयन आयोग परिसर में अभ्यर्थियों का धरना जारी

 

शिक्षक भर्ती निकालने की मांग को लेकर युवाओं का धरना उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग परिसर में सातवें दिन मंगलवार को भी जारी रहा। उधर, अध्यक्ष प्रो. कीर्ति पांडेय ने प्रमुख सचिव बेसिक शिक्षा को पत्र लिखकर अभ्यर्थियों की मांगों से अवगत कराया। उन्होंने कहा है कि अभ्यर्थियों की वर्तमान मांग आयोग से संबंधित नहीं है। उनकी मांगों के संदर्भ में कार्यवाही किया जाना बेसिक शिक्षा विभाग के स्तर से ही संभव है। इस पत्र की प्रतिलिपि उच्च शिक्षा के प्रमुख सचिव, पुलिस आयुक्त, जिलाधिकारी, पुलिस उपायुक्त व प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कर्नलगंज को भी भेजी गई है।



धरने पर बैठे अभ्यर्थियों ने बताया कि आयोग की अध्यक्ष डॉ. प्रीति पांडेय और सचिव मनोज कुमार की ओर से यह आश्वासन दिया गया कि अभी थोड़ा समय दीजिए, क्योंकि सरकार से अधियाचन नहीं मिल रहा है। बीटीसी-डीएलएड अध्यक्ष विनोद पटेल ने कहा कि जब तक भर्ती का विज्ञापन जारी नहीं हो जाता तब तक धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। पिछले कई वर्षों से सिर्फ आश्वासन ही मिल रहा है। सात वर्षों से बेसिक स्कूलों में कोई शिक्षक भर्ती नहीं आई है और हर वर्ष लाखों युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस पर प्रदर्शनकारियों ने छह जून को महाआंदोलन का ऐलान किया। इस अवसर पर राहुल यादव, रजत सिंह, सुनील, ज्ञानेंद्र, अभिषेक, लकी, लवकुश पवन, नीरज, रोहित, अवनीश शमशेर, जितेन्द्र आदि मौजूद रहे।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more