हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

15 June 2025

स्मार्ट क्लास से बदल रहे शहरी स्कूल

लखनऊ : नगर विकास विभाग ने प्रदेश के शहरी परिषदीय स्कूलों में डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कदम उठाया है। विभाग ने 324.56 करोड़ रुपये की लागत से 2,700 से अधिक स्मार्ट क्लास रूम की स्थापना शुरू की, जिनमें 1,780 कक्षाएं अब पूरी तरह संचालित हो रही हैं।



स्मार्ट सिटी योजना के तहत सर्वाधिक 1,183 क्लास रूम बनाए गए, जिनमें से 1,088 चालू हैं। 'कायाकल्प' और 'आकांक्षी नगर' योजना सहित अन्य योजनाओं से भी यह अभियान तेज हुआ है। स्मार्ट क्लास में डिजिटल बोर्ड, हाई-स्पीड इंटरनेट और मल्टीमीडिया कंटेंट जैसी सुविधाएं दी गई हैं, जिससे छात्रों की उपस्थिति और सीखने की क्षमता में सुधार हुआ है।


प्रमुख सचिव अमृत अभिजात ने बताया कि इन प्रयासों से परिषदीय स्कूलों में नामांकन दर 59.6 प्रतिशत तक पहुंच गई है, जो राष्ट्रीय औसत से 15 प्रतिशत ज्यादा है। आगे 398 और कक्षाओं को मंजूरी दी गई है। यह पहल न सिर्फ छात्रों को तकनीकी रूप से सक्षम बना रही है, बल्कि शहरी शिक्षा का स्तर भी ऊंचा उठा रही है।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more