UpdateMarts•Com
Follow Channel

30 August 2025

नशे में छात्राओं को पीटने वाले शिक्षक पर कार्रवाई की संस्तुति, बीएसए को पत्र

 


चंदौसीः कुढ़फतेहगढ़ क्षेत्र के बेरनी गांव के पूर्व माध्यमिक विद्यालय में मंगलवार को एक सहायक अध्यापक नवनीत कुमार ने कक्षा छह की छात्राओं को शराब के नशे में बेरहमी से पीट दिया। बताया जा रहा है कि उपस्थिति दर्ज कराने के दौरान छात्राओं के जवाब न देने पर शिक्षक बुरी तरह भड़क गया और स्कूल परिसर में लगे पेड़ से टहनी तोड़कर छात्राओं की पिटाई शुरू कर दी, जिससे आठ छात्राओं के शरीर पर गहरे चोट के निशान बन गए हैं। जानकारी होने पर ग्रामीणों ने स्कूल पहुंचकर जमकर हंगामा किया और शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।



आरोपित शिक्षक का पहले भी शिकायतों के चलते निलंबन हो चुका है, और हाल ही में नई तैनाती के कुछ ही दिनों बाद वह फिर विवादों में आ गया है। खंड शिक्षा


अधिकारी ने शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति करते हुए बीएसए को पत्र लिखा है।


स्कूल की प्रभारी शिक्षिका स्वप्निल गुप्ता ने बताया कि प्रार्थना सभा के बाद जब उपस्थिति ली जा रही थी, उस समय शायद कुछ बच्चों ने ध्यान नहीं दिया, जिससे शिक्षक नाराज़ हो गए और उन्होंने बच्चों की पिटाई कर दी। घायल बच्चों को प्राथमिक उपचार के लिए बेरनी के स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। घटना को लेकर गांव के कई लोगों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीण रामौतार ने कहा कि शिक्षक नशे में थे और मारपीट के बाद बच्चों के हाथ सूजे हुए थे। वीरेश यादव ने आरोप लगाया कि शिक्षक नवनीत स्कूल में नशे की हालत में आते हैं और तंबाकू का सेवन करते हैं। एक छात्रा ने कथित रूप से उनकी तंबाकू की पुड़िया ले ली थी, जिससे वह और भड़क गए।


छात्राओं ने भी शिक्षक पर शराब के नशे में मारपीट करने का आरोप लगाया। कक्षा छह की छात्रा रुचि ने बताया कि वह और अन्य बच्चे बैठे थे, तभी शिक्षक आए और डंडे से मारना शुरू कर दिया। गौरतलब है कि आरोपी शिक्षक नवनीत कुमार को इससे पहले फैजुल्लापुर स्कूल में शिकायतों के चलते निलंबित किया गया था।


उन्हें हाल ही में, 19 अगस्त को ही बेरनी विद्यालय में नियुक्त किया गया था, और महज एक सप्ताह में ही वे फिर विवादों में घिर गए हैं। खंड शिक्षा अधिकारी विनोद गंगवार ने बताया कि मामले की जांच करके सहायक अध्यापक के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति के लिए बीएसए को पत्र भेजा गया है। शिक्षण के दौरान छात्रों को मारने-पीटने की मनाही है। यदि कोई छात्र गलती करता है तो उसे सजा देने के और भी बहुत से तरीके हैं।


Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more